मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से एक ऐसी दर्दनाक खबर सामने आई है जिसने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं। जिस बेटे को माता-पिता ने बड़े अरमानों और उम्मीदों के साथ पढ़ाई के लिए घर से दूर भेजा था, उसी बेटे की मौत की खबर ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। परिवार का इकलौता बेटा अब कभी घर वापस नहीं लौटेगा, यह सोचकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मंडी जिले के बगस्याड़ क्षेत्र में एक 24 वर्षीय छात्र का शव उसके किराये के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका हुआ मिला। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

भविष्य संवारने निकला था, मौत की खबर बनकर लौटा

मृतक युवक की पहचान 24 वर्षीय ओम प्रकाश पुत्र कौल राम निवासी गांव लोट, तहसील चच्योट के रूप में हुई है। ओम प्रकाश औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) बगस्याड़ में मोटर मैकेनिक ट्रेड के अंतिम वर्ष का छात्र था। वह पढ़ाई के लिए बगस्याड़ में किराये के कमरे में रह रहा था और अपने बेहतर भविष्य के सपने देख रहा था। परिवार को उम्मीद थी कि पढ़ाई पूरी करने के बाद बेटा नौकरी करेगा और परिवार का सहारा बनेगा, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल को मिली एक और सुपरफास्ट ट्रेन, अनुराग ठाकुर ने गुरुमुखी एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी

फोन नहीं उठाया तो बढ़ी चिंता

बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह परिजनों ने ओम प्रकाश से संपर्क करने की कोशिश की। कई बार फोन करने के बावजूद जब उसने कॉल रिसीव नहीं की तो परिवार को चिंता होने लगी। किसी अनहोनी की आशंका के चलते परिजनों ने तुरंत मकान मालिक को फोन कर कमरे में जाकर देखने का आग्रह किया। जब मकान मालिक युवक के कमरे के पास पहुंचा और खिड़की से अंदर देखा तो उसके होश उड़ गए। ओम प्रकाश कमरे के अंदर फंदे से लटका हुआ था। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

 

यह भी पढ़ें : सीएम सुक्खू के CBSE स्कूलों में 'टीचर संकट', पढ़ाई ठप होने से 200 बच्चों ने स्कूल को कहा अलविदा

इकलौते बेटे को खोकर टूट गए माता-पिता

घटना की खबर जैसे ही परिवार तक पहुंची, घर में मातम छा गया। बताया जा रहा है कि ओम प्रकाश अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी एक बहन है, जिसने अपने इकलौते भाई को हमेशा के लिए खो दिया। बेटे की असमय मौत से माता-पिता पूरी तरह टूट गए हैं। गांव में भी इस घटना के बाद शोक की लहर दौड़ गई। हर कोई इस बात से स्तब्ध है कि हंसता-खेलता युवक अचानक इस दुनिया को अलविदा कह गया।

मौके से नहीं मिला कोई सुराग

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कमरे की गहन जांच की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच के दौरान कमरे की तलाशी ली गई, लेकिन ऐसा कोई सुसाइड नोट या अन्य सुराग नहीं मिला जिससे घटना के कारणों का पता चल सके। यही वजह है कि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

 

यह भी पढ़ें : नीरज भारती मामले में मंत्री चंद्र कुमार ने तोड़ी चुप्पी, बोले- जब बाप का जूता बेटे के पैर में आने लगे तो समझाना...

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर किन परिस्थितियों में यह दुखद घटना घटी। फिलहाल इस हादसे ने एक परिवार से उसका इकलौता बेटा छीन लिया है। जिस घर में बेटे की सफलता के सपने सजाए जा रहे थे, वहां अब सन्नाटा और मातम पसरा हुआ है। एक बहन ने अपना इकलौता भाई खो दिया है, जबकि माता-पिता के बुढ़ापे का सहारा हमेशा के लिए उनसे दूर चला गया।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें