ऊना। हिमाचल प्रदेश में चिट्टे का कहर बढ़ता जा रहा है। जिला ऊना में बीते दो दिनों में दो युवकों की चिट्टे के कारण मौत हो गई है। जान गंवाने वाले युवकों की उम्र महज 18 और 23 साल है। युवकों की मौत के बाद लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
चिट्टे के ओवरडोज से युवक की मौत
ताजा मामला हरोली क्षेत्र से सामने आया है। यहां जननी के पास क्रशर रोड किनारे एक युवक की लाश संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ी मिली है। पुलिस टीम को मौके पर सिरिंज भी पड़ी मिली है। जिससे ये आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत चिट्टे के ओवरडोज के कारण हुआ है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस ने ढेर सारे चिट्टे संग धरा युवक, लंबे समय से कर रहा था धंधा
सड़क किनारे पड़ी थी लाश
जानकारी के अनुसार, ये सनसनीखेज घटना बीती देर रात पेश आई है। बताया जा रहा है कि युवक का शव सड़क किनारे पड़ा हुआ था, जिसे देखकर आसपास से गुजर रहे लोगों को शक हुआ। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही हरोली थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
शव के पास पड़ी थी सिरिंज
जांच के दौरान पुलिस को शव के पास एक मोटरसाइकिल, एक सिरिंज और कुछ अन्य सामान मिला है। मृतक की पहचान 18 वर्षीय सौरव निवासी पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव पर किसी तरह के बाहरी चोट या मारपीट के निशान नहीं मिले हैं, जिससे यह मामला और भी संदिग्ध बन गया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : प्यार में पड़े युवक-युवती ने नहर में लगाई छलांग, परिजनों को फोन पर मिली सूचना
पुलिस का गहराया शक
मौके से मिले सिरिंज के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि युवक ने संभवतः नशे का सेवन किया हो, जिसके चलते उसकी मौत हुई हो सकती है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के असली कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।
परिजनों को दी सूचना
पुलिस ने मौके पर औपचारिक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को कब्जे में लेकर ऊना अस्पताल पहुंचाया। यहां से चिकित्सकों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा भेज दिया है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी है और उनसे संपर्क किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में फिर बनेंगी 68 और नई पंचायतें : जानें कब होंगे चुनाव, कहां तक पहुंची तैयारियां
नशे की समस्या बढ़ रही
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से नशे की समस्या तेजी से बढ़ रही है, जिससे युवा पीढ़ी सबसे ज्यादा प्रभावित हो रही है। कई बार युवाओं को सुनसान स्थानों पर नशा करते हुए भी देखा गया है, जिससे समाज में चिंता का माहौल बना हुआ है।
जांच में जुटी पुलिस
मामले की पुष्टि करते हुए ASP संजीव कुमार भाटिया ने कहा कि मौत के असली कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। फिलहाल, पुलिस टीम द्वारा मामले की बारीकि से जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस को धक्का देकर फरार हुआ आरोपी- डेढ़ साल बाद चढ़ा था हत्थे, कांस्टेबल सस्पेंड
जनता से पुलिस की अपील
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि नशा कई परिवारों को उजाड़ चुका है। अभिभावक अपने बच्चों पर खास ध्यान दें और उन्हें नशे के प्रति जागरूक करें। साथ ही अगर किसी को कोई नशा खरदीते या बेचते दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचित करे। सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।
खेत किनारे मिली लाश
विदित रहे कि बीती 7 मार्च को ऊना के भदसाली गांव के पास पुल के पास खेत किनारे एक युवक मृत अवस्था में पाया गया। प्रारंभिक जांच में युवक की मौत नशे के ओवरडोज से होने की आशंका जताई गई। मृतक की पहचान पंजाब के रूपनगर जिले के आनंदपुर साहिब थाना क्षेत्र के हरियाल गांव निवासी विशाल कुमार उर्फ शैली (23) पुत्र अमरजीत सिंह के रूप में हुई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : पत्नी के निधन का दुख नहीं सह पाया इंजीनियर, कमरे में पड़ी मिली देह- चार साल से था परेशान
सिरिंज, बाइक और सामान बरामद
जांच के दौरान पुलिस को शव के पास से एक बाइक, एक सिरिंज और कुछ अन्य सामान बरामद हुआ है। युवक के शरीर पर किसी प्रकार की मारपीट या चोट के निशान नहीं मिले हैं, लेकिन उसकी नाक से झाग निकल रही थी। इसी आधार पर पुलिस ओवरडोज की संभावना मानकर जांच आगे बढ़ा रही है।
