#अपराध
March 9, 2026
हिमाचल पुलिस को धक्का देकर फरार हुआ आरोपी- डेढ़ साल बाद चढ़ा था हत्थे, कांस्टेबल सस्पेंड
पुलिस हिरासत से फरार हुआ नशा तस्कर
शेयर करें:

सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में उस समय पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया, जब NDPS एक्ट के एक आरोपी ने पुलिस हिरासत से भाग गया। मामले में एक पुलिस कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान 24 वर्षीय अब्दुल माजिद निवासी मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। उसके खिलाफ थाना सदर नाहन में 15 जुलाई, 2024 को NDPS एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
बताया जा रहा है कि मामले में नाम आने के बाद से ही आरोपी करीब डेढ़ साल तक पुलिस की पकड़ से दूर रहा और लगातार फरार चल रहा था। काफी समय तक तलाश करने के बाद पुलिस को आरोपी के ठिकाने की जानकारी मिली।
इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 5 मार्च, 2026 को उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को नाहन लाया गया और अगले दिन यानी 6 मार्च को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को 10 मार्च तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया, ताकि उससे पूछताछ कर नशा तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा सके।
रिमांड के दौरान आरोपी को पूछताछ के लिए पुलिस चौकी कच्चा टैंक लाया गया था। इसी दौरान शुक्रवार शाम करीब 5 बजकर 15 मिनट पर आरोपी ने अचानक मौका देखकर एक पुलिस कांस्टेबल को धक्का दिया और वहां से भाग निकला। आरोपी के फरार होते ही पुलिस विभाग में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में जुट गईं। शहर के विभिन्न हिस्सों में तलाशी अभियान चलाया गया और संदिग्ध स्थानों पर भी जांच की गई। लगातार तलाश के बाद पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी बस स्टैंड के आसपास छिपा हुआ है।
इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे दोबारा पकड़ लिया। पुलिस का अनुमान है कि आरोपी अंधेरा होने का इंतजार कर रहा था, ताकि मौका मिलते ही वह वहां से निकलकर फरार हो सके।
SP सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि फरार आरोपी को कुछ ही घंटों में फिर से गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश करने के मामले में आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 262 के तहत एक और मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने यह भी बताया कि घटना में लापरवाही बरतने के आरोप में संबंधित पुलिस कांस्टेबल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है और विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। पुलिस अब आरोपी से दोबारा पूछताछ कर रही है- ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह नशा तस्करी के किस नेटवर्क से जुड़ा हुआ है और इस मामले में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और अधिकारियों का कहना है कि कानून से बचने की कोशिश करने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।