#उपलब्धि
June 21, 2025
हिमाचल की बेटी निधि डोगरा: 6 वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाकर योग की दुनिया में रच दिया इतिहास
निधि डोगरा को योग की प्रेरणा अपने पिता से मिली
शेयर करें:
हमीरपुर। अगर जज्बा हो तो छोटी उम्र भी बड़ी मिसाल बन सकती है। कुछ ऐसा ही कर दिखाया है हमीरपुर की होनहार बेटी निधि डोगरा ने- जिनका नाम आज योग के क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गूंज रहा है। कठिन योगासनों में महारत रखने वाली निधि को लोग प्यार से "रबर डॉल" के नाम से जानते हैं। अब तक वह छह वर्ल्ड रिकॉर्ड बना चुकी हैं और योगा बुक ऑफ रिकॉर्ड्स की राष्ट्रीय ब्रांड एंबेसेडर भी रह चुकी हैं।
निधि डोगरा को योग की प्रेरणा अपने पिता से मिली, जो स्वयं शारीरिक शिक्षा के शिक्षक हैं। एक दिन जब वह अपने पापा के साथ उनके स्कूल गईं और उन्हें बच्चों को योग कराते देखा, तो उनके मन में भी जिज्ञासा जागी। तभी आठ साल की उम्र में उन्होंने योग की दुनिया में कदम रखा और फिर कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। आज वह रोजाना दो से तीन घंटे तक योगाभ्यास करती हैं।
निधि डोगरा ने राज्य स्तरीय, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर कई बार पदक जीते हैं। 2021 में इंटरनेशनल योग स्पोर्ट्स फेडरेशन द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में वह वर्ल्ड चैंपियन बनीं।
इसके अलावा इंटरनेशनल योग ओलंपिक कमेटी की प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल हासिल कर चुकी हैं। निधि नौ बार राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं, जिनमें से योग फेडरेशन ऑफ इंडिया की प्रतियोगिताओं में वह चार बार ब्रॉन्ज मेडल जीत चुकी हैं।
निधि वर्तमान में हमीरपुर के सुपर मैग्नेट पब्लिक स्कूल में 12वीं कक्षा (मेडिकल) की छात्रा हैं। पढ़ाई में भी वह उतनी ही मेहनती हैं जितनी योग में। स्कूल के प्रबंधक शगुन दत्त शर्मा बताते हैं कि निधि स्कूल के अन्य छात्रों को भी योग करने के लिए प्रेरित करती हैं और कई प्रतियोगिताओं में स्कूल का नाम रोशन कर चुकी हैं।
निधि की योग यात्रा को प्रदेश के कई बड़े नेताओं और गणमान्य व्यक्तियों ने सराहा है। CM सुखविंदर सिंह सुक्खू और पूर्व CM जयराम ठाकुर जैसे नेताओं ने उन्हें सम्मानित किया है। कोविड काल में भी उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से योग प्रतियोगिताओं में भाग लिया और शीर्ष स्थान हासिल किया।
निधि एक बेहद साधारण लेकिन सशक्त परिवार से आती हैं। पिता शशि कुमार सरकारी स्कूल में शिक्षक हैं और मां निशा देवी आकाशवाणी हमीरपुर में कैजुअल अनाउंसर हैं। दादा करम चंद एक सेवानिवृत्त कला अध्यापक हैं और दादी नीमा देवी एक गृहिणी हैं। उनके छोटे भाई प्रिंस डोगरा तीसरी कक्षा में पढ़ते हैं।
निधि डोगरा सिर्फ एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक मिसाल हैं। उनकी लगन, अनुशासन और आत्मविश्वास यह दर्शाता है कि अगर संकल्प मजबूत हो तो कोई भी मंच दूर नहीं होता। आज जब विश्व अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने की तैयारी कर रहा है, हिमाचल की यह बेटी देश के हर कोने में योग का संदेश फैला रही है।