#उपलब्धि
September 8, 2025
हिमाचल के लिए आज का दिन बेहद खास- बनेगा पूर्ण साक्षर राज्य, CM सुक्खू करेंगे घोषणा
75.5 लाख की आबादी में से केवल 56,960 लोग ही निरक्षर बचे हैं
शेयर करें:
शिमला। हिमाचल प्रदेश के लिए आज का दिन ऐतिहासिक बनने जा रहा है। राजधानी शिमला के राजभवन पीटरहॉफ में आयोजित भव्य राज्यस्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल को पूर्ण साक्षर राज्य घोषित करेंगे।
इस घोषणा के साथ ही हिमाचल देश का चौथा राज्य बन जाएगा- जिसने केंद्र सरकार के "उल्लास–न्यू इंडिया लिटरेसी प्रोग्राम" के तहत यह उपलब्धि हासिल की है। भारत सरकार के शिक्षा सचिव संजय कुमार भी इस ऐतिहासिक मौके पर वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ेंगे।
अब तक त्रिपुरा, मिजोरम और लक्षद्वीप को पूर्ण साक्षर राज्य का दर्जा मिल चुका था। लेकिन हिमाचल ने इन सबको पीछे छोड़ते हुए 99.02 प्रतिशत साक्षरता दर के साथ देश में पहला स्थान प्राप्त किया है।
केंद्र सरकार के अनुसार, यदि किसी राज्य की 95% से अधिक आबादी साक्षर हो जाती है तो उसे पूर्ण साक्षर राज्य घोषित किया जाता है। हिमाचल में अब लगभग 75.5 लाख की आबादी में से केवल 56,960 लोग ही निरक्षर बचे हैं।
साल 2011 की जनगणना में हिमाचल प्रदेश की साक्षरता दर 82.80% थी। इसके बाद केंद्र की उल्लास योजना के तहत राज्य में सघन अभियान चलाया गया। 2023 से 2025 के बीच लगभग 43,885 लोगों को साक्षर बनाया गया। गांव-गांव में जागरूकता शिविर, स्वयंसेवी संगठनों और पंचायत स्तर पर प्रशिक्षण केंद्र खोले गए।
शिक्षा मंत्रालय के नियमों के अनुसार, किसी व्यक्ति को तभी साक्षर माना जाता है जब वह साधारण शब्द पढ़ और लिख सके। दैनिक जीवन की साधारण गणनाएं कर सके। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा हिमाचल के लिए आज का दिन इतिहास में दर्ज होगा। जब पूरा देश साक्षरता दिवस मना रहा है, तब हिमाचल को पूर्ण साक्षर राज्य घोषित करना गर्व की बात है। यह सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए नींव साबित होगी।”