#उपलब्धि
November 11, 2025
हिमाचल : पिता पहलवान, अब देश के लिए खेलेगी बेटी- कबड्डी वर्ल्ड कप में दिखाएगी दम
खेल चंपा के परिवार की परंपरा जैसा है
शेयर करें:

चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के आकांक्षी उपमंडल चुराह की चंपा ठाकुर अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय जर्सी में नजर आएंगी। दूसरे महिला कबड्डी विश्व कप के लिए घोषित टीम में चंपा का चयन हो गया है।
चयन की खबर मिलते ही चुराह और पूरे चंबा जिला में खुशी की लहर है। स्थानीय लोग इसे महिला खेल प्रतिभाओं के लिए एक प्रेरणादायक उपलब्धि के रूप में देख रहे हैं। हाल ही में महिला कबड्डी विश्व कप को लेकर आयोजित राष्ट्रीय अंतिम कोचिंग कैंप में देशभर की दर्जनों प्रतिभाशाली खिलाड़ी शामिल हुई थीं।
इस चयनित समूह में हर खिलाड़ी ने अपनी पूरी ताकत और तकनीक दिखाई। डिफेंडर की भूमिका में खेलने वाली चंपा ठाकुर ने अपने मजबूत खेल, फुर्ती और टाइमिंग से चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा। उन्हें टीम के लिए उसी भूमिका में तैयार किया जा रहा है।
इस बार महिला कबड्डी विश्व कप का आयोजन बांग्लादेश में होने जा रहा है। हालाँकि पहले यह टूर्नामेंट भारत में आयोजित होना था और इसी को लेकर देश में दो बार कैंप भी आयोजित हो चुके थे, लेकिन बाद में मेजबानी बदल दी गई। अब भारतीय टीम विदेशी धरती पर तिरंगे का परचम लहराने के लिए तैयारी कर रही है।
चंपा ठाकुर ग्राम पंचायत बघेईगढ़ की रहने वाली हैं। लंबे समय से हिमाचल महिला कबड्डी टीम में बतौर डिफेंडर खेल रही हैं। उन्होंने राज्य स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक कई प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा साबित की है-
चंपा के पिता रमेश ठाकुर चुराह क्षेत्र में कुश्ती के लिए प्रसिद्ध नाम हैं। वे प्रदेश और जिला स्तरीय दंगल मेलों में अपने प्रदर्शन के लिए पहचाने जाते हैं। खेल उनके परिवार की परंपरा जैसा है। उनका बेटा सुमित ठाकुर भी कम उम्र में ही कई दंगल मुकाबलों में वरिष्ठ पहलवानों को पटखनी दे चुका है।
चंपा ठाकुर ने कहा मैं बचपन से भारतीय जर्सी पहनने का सपना देखती थी। अब यह मौका मिला है, मैं पूरी मेहनत और सम्मान के साथ देश के लिए खेलूंगी और भारत को जीत दिलाने की कोशिश करूंगी। उनके चयन से स्थानीय खिलाड़ियों में नया जोश आया है। खेल प्रशिक्षकों का मानना है कि चंपा की इस उपलब्धि से चुराह और चंबा की युवा बालिकाओं में खेल को लेकर आत्मविश्वास बढ़ेगा।