#उपलब्धि
December 23, 2025
हिमाचल : बड़ी बहन के नक्शे कदम पर चली अनन्या, डॉक्टर बन बढ़ाया शिक्षक पिता का मान
दोनों बहनों ने डॉक्टर बन बढ़ाया परिवार का मान
शेयर करें:

कांगड़ा। कहते हैं कि बेटियां जब आगे बढ़ती हैं, तो सिर्फ घर नहीं- पूरा समाज रोशन होता है। ऐसा ही कुछ कर दिखाया है कांगड़ा जिले के एक शिक्षक की दोनों बेटियों ने। बेटियों ने डॉक्टर बन पिता का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है।
नगरोटा क्षेत्र की रहने वाली अनन्या प्रशार ने अपनी बहन के नक्शे कदम पर चल डॉक्टर बनने का सपना पूरा किया है। उनकी इस सफलता के बाद पूरे परिवार व क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।
अनन्या प्रशार ने पालमपुर कृषि विश्वविद्यालय से पशु चिकित्सा विज्ञान में पशु चिकित्सक की डिग्री पूरी कर अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया। शिक्षा, संस्कार और संकल्प से हासिल की गई यह उपलब्धि केवल एक डिग्री नहीं, बल्कि वर्षों की मेहनत, अनुशासन और पारिवारिक सहयोग की जीवंत मिसाल है।

डॉ. अनन्या प्रशार, नगरोटा क्षेत्र के सम्मानित शिक्षाविद प्रधानाचार्य श्री बिहारी लाल प्रशार और श्रीमती अनीता प्रशार की बेटी हैं। बेटी की इस सफलता से माता-पिता बेहद खुश है। पिता का कहना है कि अनन्या ने ये उपलब्धि हासिल कर उनका सीना गर्व से चौड़ा कर दिया है।
इस अवसर पर पालमपुर कृषि विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह अत्यंत गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि माननीय कृषि मंत्री चंद्र कुमार रहे। मंत्री चंद्र कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि पशु चिकित्सा सेवा ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और इस क्षेत्र से जुड़े युवा समाज के लिए बड़ी जिम्मेदारी निभाते हैं।
अपनी सफलता पर भावुक होती हुई डॉ. अनन्या प्रशार ने इसका श्रेय अपने परिवार को दिया। उन्होंने कहा कि उनकी माता, नानी और दादी के त्याग, विश्वास और निरंतर प्रोत्साहन ने हर कठिन मोड़ पर उन्हें आगे बढ़ने की शक्ति दी। उन्होंने कहा कि परिवार का संबल ही उनकी सबसे बड़ी ताकत रहा है।
डॉ. अनन्या की यह उपलब्धि इसलिए भी विशेष है क्योंकि उनकी बड़ी बहन डॉ. आंचल प्रशार भी एक सफल पशु चिकित्सक हैं और वर्तमान में वेटनरी अस्पताल डाड़ा सिब्बा में अपनी सेवाएं दे रही हैं। एक ही परिवार की दोनों बेटियों का पशु चिकित्सा में सेवाएं देंगी।