#हादसा
May 18, 2025
हिमाचल : तेज अधंड़ से सड़क पर चलती स्कूटी पर गिरा पेड़, वाहन सहित दब गया सवार
नाइड ड्यूटी के लिए घर से निकला था शख्स, रास्ते में हो गया
शेयर करें:
मंडी। हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट बदल ली है। प्रदेश के कई इलाकों में तेज तूफान ने भारी तबाही मचाई है। प्रदेश के मंडी जिला में भी शनिवार को तेज अंधड़ चला था। जिसने कई पेड़ों को धराशायी कर दिया। ऐसे ही एक पेड़ सड़क पर से गुजर रही एक स्कूटी पर जा गिरा। हादसे के समय स्कूटी पर एक ही व्यक्ति सवार था। जो इस पेड़ की चपेट में आ गया। मामला मंडी जिला के जोगिंद्रनगर से सामने आया है।
दरअसल बीते रोज शनिवार को मंडी जिला के जोगिंद्रनगर में तेज अंधड़ चल रहा था। इसी बीच सरकारी स्कूल का एक कर्मचारी जब अपनी नाइट शिफ्ट के लिए स्कूटी पर घर से निकला था। लेकिन रास्ते में तेज अंधड़ से एक पेड़ उस पर आ गिरा। जिससे यह कर्मचारी पेड़ के नीचे दब गया। इस हादसे में स्कूल का यह कर्मचारी बुरी तरह से घायल हो गया है। जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जहां पर उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : लड़की को घुमाने के बहाने जालंधर ले गया युवक, फिर कर दी नीचता- हुआ अरेस्ट
इस हादसे का शिकार होने वाला शख्स राजमल ठाकुर जोगिंद्रनगर के बस्सी स्थित सरकारी स्कूल का कर्मचारी है। वह अपनी नाइट शिफ्ट के लिए ड्यूटी पर जा रहा था। इसी बीच जब वह जोगिंद्रनगर के भट्ठा क्षेत्र में पहुंचा तो एक भारी भरकम पेड़ तेज अध्ंड़ से उस पर आ गिरा। जिससे स्कूटी सवार राजमल गंभीर घायल हो गया।
स्थानीय लोगों ने किसी तरह से पेड़ के नीचे दबे राजमल को पेड़ हटाकर बाहर निकाला और निजी वाहन से उसे अस्पताल पहुंचाया। जोगिंद्रनगर अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद राजमल की गंभीर हालत को देखते हुए उसे चिकित्सकों ने डॉ राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा कांगड़ा रेफर कर दिया है। बताया जा रहा है कि पेड़ गिरने से राजमल के सिर और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं।
बता दें कि शनिवार को मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार जोगिंद्रनगर और उसके आसपास के क्षेत्रों में बारिश के साथ तेज अंधड़ चला था। जिससे क्षेत्र में काफी नुकसान हुआ है। तेज अधंड़ से कई पेड़ धराशायी हो गए। वहीं पेड़ों के गिरने से बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग उठाई है कि सड़क किनारे ऐसे पेड़ जो गिरने की कगार पर हैं, उन्हें तुरंत हटा देना चाहिए। ताकि दोबारा ऐसा कोई हादसा पेश ना आए।