#हादसा

August 20, 2026

हिमाचल: कॉलेज से घर लौट रही छात्रा को टिप्पर ने कु*चला, परिवार ने खो दी 19 साल की बेटी; पसरा मातम

टायर के नीचे आने से मौके पर तोड़ा दम, स्कूटी सवार से ली थी लिफ्ट

शेयर करें:

una collage girl

ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला में वीरवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। महज 19 साल की उम्र में एक होनहार कॉलेज छात्रा की सड़क हादसे में मौत हो गई। कॉलेज से छुट्टी होने के बाद घर लौट रही युवती को तेज रफ्तार टिप्पर ने ऐसी टक्कर मारी कि वह उसके पिछले पहियों की चपेट में आ गई। हादसे में युवती की

जान चली गई। बेटी की अचानक मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

कॉलेज से घर लौट रही थी युवती

मृतका की पहचान सुनाक्षी कोंडल पुत्री रमेश चंद निवासी मवा कहोला के रूप में हुई है। सुनाक्षी राजकीय महाविद्यालय दौलतपुर चौक में बीसीए पांचवें सेमेस्टर की छात्रा थी।  वीरवार को रोज की तरह कॉलेज में कक्षाएं पूरी करने के बाद वह घर जाने के लिए निकली थी। करीब तीन बजे वह दौलतपुर चौक बस स्टैंड पर बस का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान उसका एक पड़ोसी स्कूटी लेकर वहां से गुजरा। सुनाक्षी ने उससे घर तक जाने के लिए लिफ्ट ली और स्कूटी पर पीछे बैठ गई।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: होटल में लग रही थी लड़कियों के जि*स्म की बोली, दो को किया रेस्क्यू; एक पंजाबी अरेस्ट

पुल पार करते ही पीछे से आया टिप्पर

बताया जा रहा है कि स्कूटी सवार जैसे ही बस स्टैंड के समीप पुल को पार कर रहे थे, तभी पीछे से आ रहे एक टिप्पर ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी चला रहा व्यक्ति सड़क के दूसरी ओर जा गिरा। वहीं पीछे बैठी सुनाक्षी सड़क पर जा गिरी और दुर्भाग्य से टिप्पर के पिछले पहियों की चपेट में आ गई। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोगों के होश उड़ गए।

मौके पर मची चीख-पुकार

हादसे के बाद दौलतपुर चौक में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने घायल सुनाक्षी को उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। कुछ ही देर पहले जो बेटी कॉलेज से छुट्टी के बाद घर लौटने के लिए निकली थी, उसकी मौत की खबर ने परिवार को भीतर तक झकझोर दिया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल के युवाओं को विदेश में नौकरी का मौका: 1.99 लाख प्रतिमाह मिलेगा वेतन; जल्द करें आवेदन

19 साल की उम्र में छिन गई जिंदगी

सुनाक्षी अभी जिंदगी की नई उड़ान भरने की तैयारी में थी। महज 19 वर्ष की उम्र में सड़क हादसे ने उसके सारे सपने छीन लिए। बेटी की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं हादसे की खबर मिलने के बाद कॉलेज स्टाफ और विद्यार्थियों में भी शोक की लहर दौड़ गई। सहपाठियों के लिए यह यकीन करना मुश्किल हो रहा है कि उनके साथ पढ़ने वाली सुनाक्षी अब उनके बीच नहीं रही।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: विजिलेंस ने बीजेपी MLA डॉ जनक राज से 3 घंटे की पूछताछ, जानें क्या क्या पूछे सवाल

हिरासत में लिया टिप्पर चालक

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटाई और हादसे से जुड़े साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने हादसे के बाद टिप्पर चालक को हिरासत में ले लिया है और वाहन को भी कब्जे में लिया गया है। पुलिस मामले की आगामी जांच और कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: निजी स्कूल बस ने कुचल दी महिला, ऊपर से गुजर गए टायर; मौके पर थम गईं सांसें

पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है। डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख