#राजनीति

August 20, 2026

हिमाचल: विजिलेंस ने बीजेपी MLA डॉ जनक राज से 3 घंटे की पूछताछ, जानें क्या क्या पूछे सवाल

हिमकेयर मामले में विधायक जनक राज से करीब 3 घंटे चले सवाल.जवाब

शेयर करें:

डॉ जनकराज से विजिलेंस ने तीन घंटे की पूछताछ

शिमला: हिमाचल की सियासत में हिमकेयर योजना से जुड़ी कथित अनियमितताओं की जांच अब राजनीतिक रंग लेती नजर आ रही है। विजिलेंस ने भाजपा विधायक डॉ. जनक राज से भी पूछताछ की है। आज भरमौर से भाजपा विधायक जनक राज को विजिलेंस ने शिमला स्थित अपने कार्यालय बुलाया था, जहां उनसे करीब तीन घंटे तक सवाल-जवाब किए गए। पूछताछ के बाद विधायक ने जांच की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए इसे राजनीतिक द्वेष से प्रेरित कार्रवाई बताया।

सुबह विजिलेंस कार्यालय पहुंचे विधायक

विजिलेंस के नोटिस के बाद डॉ. जनक राज निर्धारित समय पर शिमला स्थित विजिलेंस मुख्यालय पहुंचे। वह करीब 11:30 बजे कार्यालय पहुंचे, जिसके बाद कुछ समय वेटिंग रूम में बैठने के बाद उनसे पूछताछ शुरू हुई। करीब तीन घंटे तक चली पूछताछ में जांच अधिकारियों ने हिमकेयर योजना से जुड़े रिकॉर्ड, IGMC में योजना के तहत हुए भुगतान और वित्तीय लेन-देन से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर सवाल किए। विधायक ने पूछताछ के दौरान अपना पक्ष जांच अधिकारियों के सामने रखा।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: निजी स्कूल बस ने कुचल दी महिला, ऊपर से गुजर गए टायर; मौके पर थम गईं सांसें

IGMC के पूर्व MS रहे हैं जनक राज

विजिलेंस की जांच में डॉ. जनक राज की भूमिका इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि वह पिछली भाजपा सरकार के कार्यकाल में IGMC शिमला के चिकित्सा अधीक्षक (MS) रह चुके हैं। उनके कार्यकाल के दौरान हिमकेयर योजना से जुड़े वित्तीय लेन-देन और अस्पताल को किए गए भुगतान की जांच एजेंसी कर रही है। इसी सिलसिले में उनसे संबंधित रिकॉर्ड और वित्तीय मामलों को लेकर पूछताछ की गई।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में HRTC बस हाद..से का शिकार- स्कूली बच्चों समेत 40 यात्री थे सवार, मची चीख-पुकार

‘मैं नौकरी छोड़ चुका हूं, सारा रिकॉर्ड अस्पताल में है’

पूछताछ के बाद मीडिया से बातचीत में भाजपा विधायक ने कहा कि विजिलेंस अधिकारियों ने उनसे हिमकेयर योजना से जुड़े रिकॉर्ड के बारे में सवाल किए। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह अब सरकारी नौकरी छोड़ चुके हैं और संबंधित रिकॉर्ड अस्पताल में मौजूद है। जनक राज के मुताबिक उन्होंने जांच अधिकारियों को भी यही बात बताई है कि हिमकेयर से संबंधित दस्तावेज और रिकॉर्ड अस्पताल में उपलब्ध हैं।

विधायक ने लगाया राजनीतिक द्वेष का आरोप

पूछताछ के बाद जनक राज ने जांच को लेकर सरकार पर सीधा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ कार्रवाई राजनीतिक द्वेष की भावना से करवाई जा रही है। विधायक ने कहा कि मामले की जांच विजिलेंस के बजाय हाईकोर्ट के किसी सिटिंग जज से करवाई जानी चाहिए, ताकि जांच की निष्पक्षता पर कोई सवाल न उठे। उन्होंने यह भी कहा कि यदि मौजूदा सरकार इस तरह की जांच नहीं करवाती है, तो भाजपा की सरकार बनने के बाद जांच करवाने का कदम उठाया जाएगा।

यह भी पढ़ें- हिमाचल पुलिस ने पकड़ा ढेर सारा चिट्टा- 3 तस्कर गिरफ्तार, बड़े नेटवर्क से कनेक्शन

सुधीर शर्मा के बाद जनक राज से पूछताछ

हिमकेयर योजना से जुड़े मामले में जांच एजेंसी की कार्रवाई के बीच भाजपा विधायक जनक राज से पूछताछ ने प्रदेश की राजनीति को और गरमा दिया है। इससे पहले कांग्रेस से जुड़े नेता सुधीर शर्मा से भी विजिलेंस आय से अधिक संपत्ति मामले में करीब दो घंटे पूछताछ कर चुकी है। अब भाजपा के मौजूदा विधायक से करीब तीन घंटे तक पूछताछ होने के बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप और तेज होने की संभावना है। भाजपा इसे राजनीतिक प्रतिशोध के रूप में देख रही है, जबकि जांच एजेंसी की कार्रवाई का आधार जांच में सामने आने वाले तथ्यों और रिकॉर्ड पर निर्भर करेगा।

हिमकेयर भुगतान और वित्तीय लेन-देन की पड़ताल

विजिलेंस हिमकेयर योजना के तहत IGMC को हुए भुगतान, आय-व्यय और अन्य वित्तीय पहलुओं की जांच कर रही है। योजना के तहत सूचीबद्ध अस्पतालों को किए गए भुगतान समेत विभिन्न वित्तीय रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है। पूछताछ के बाद अब जांच एजेंसी द्वारा जुटाए जा रहे दस्तावेज और अधिकारियों के बयान इस मामले में आगे की दिशा तय करेंगे। फिलहाल विधायक से हुई पूछताछ के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में आमने-सामने भिड़े ट्रक- 4 लोगों की दर्दनाक मौ**त, एक वाहन के उड़े परखच्चे

क्या है हिमकेयर योजना?

हिमकेयर हिमाचल प्रदेश सरकार की स्वास्थ्य बीमा योजना है। इसके तहत पात्र परिवारों को सालाना 5 लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध करवाने का प्रावधान है। योजना का उद्देश्य उन पात्र लोगों को स्वास्थ्य बीमा कवर उपलब्ध करवाना है, जो केंद्र की आयुष्मान भारत योजना के दायरे में नहीं आते। फिलहाल हिमकेयर से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच जारी है। विजिलेंस की जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय होगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख