#हादसा

August 20, 2026

हिमाचल: निजी स्कूल बस ने कुचल दी महिला, ऊपर से गुजर गए टायर; मौके पर थम गईं सांसें

टक्कर के बाद महिला के पैरों के ऊपर से गुजर गई बस

शेयर करें:

solan school bus

नालागढ़ (सोलन)। हिमाचल प्रदेश में वाहन चालकों की तेज रफ्तार और लापरवाही सड़क पर चलने वाले लोगों पर लगातार भारी पड़ रही है। ऐसा ही एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सोलन जिला के औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन से सामने आया है, जहां एक महिला निजी स्कूल बस की चपेट में आ गई। हादसा इतना गंभीर था कि बस महिला के पैरों के ऊपर से गुजर गई। गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

महिला को अचानक बस ने मारी टक्कर

जानकारी के अनुसार हादसा पुलिस थाना नालागढ़ के अंतर्गत मियाणी वाला गांव में हुआ। मृतका की पहचान शीला देवी, पत्नी स्वर्गीय रोशन लाल, निवासी गांव हटड़ा, डाकघर झझरा, तहसील नालागढ़ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला सड़क पर जा रही थी, तभी एक निजी स्कूल बस ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर के बाद महिला सड़क पर गिर गई और बस उसके पैरों के ऊपर से गुजर गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में HRTC बस हाद..से का शिकार- स्कूली बच्चों समेत 40 यात्री थे सवार, मची चीख-पुकार

अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम

दुर्घटना के बाद स्कूल बस चालक ने घायल महिला को उपचार के लिए निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया। महिला को जल्द से जल्द चिकित्सा सहायता दिलाने के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी हालत बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। एक सड़क हादसे ने परिवार से महिला की जिंदगी छीन ली।

पुलिस ने बस चालक के खिलाफ दर्ज किया मामला

हादसे की सूचना मिलने के बाद नालागढ़ पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने स्कूल बस चालक ताज मोहम्मद के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अब पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस हादसे से जुड़े साक्ष्यों को भी जुटा रही है, ताकि दुर्घटना की वास्तविक वजह सामने आ सके।

यह भी पढ़ें- हिमाचल पुलिस ने पकड़ा ढेर सारा चिट्टा- 3 तस्कर गिरफ्तार, बड़े नेटवर्क से कनेक्शन

तेज रफ्तार और लापरवाही पर फिर उठे सवाल

बीबीएन क्षेत्र में लगातार बढ़ते यातायात के बीच सड़क सुरक्षा एक बड़ा मुद्दा बनकर सामने आ रही है। इस हादसे ने एक बार फिर वाहन चालकों की जिम्मेदारी और सड़क पर पैदल चलने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सड़क पर वाहन चलाते समय जरा-सी लापरवाही किसी परिवार की पूरी जिंदगी बदल सकती है। नालागढ़ का यह हादसा भी इसी खतरे की भयावह तस्वीर पेश करता है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में आमने-सामने भिड़े ट्रक- 4 लोगों की दर्दनाक मौ**त, एक वाहन के उड़े परखच्चे

एएसपी बद्दी ने की मामले की पुष्टि

एएसपी बद्दी अशोक वर्मा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि थाना नालागढ़ में बस चालक ताज मोहम्मद के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है और हादसे से जुड़े सभी पहलुओं को जांच के दायरे में रखा गया है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख