#रोजगार
August 20, 2026
हिमाचल के युवाओं को विदेश में नौकरी का मौका: 1.99 लाख प्रतिमाह मिलेगा वेतन; जल्द करें आवेदन
पहली सितंबर से पहले करना होगा आवेदनए युवतियों के लिए विशेष मौका
शेयर करें:

मंडी: हिमाचल प्रदेश की युवतियों और युवाओं के लिए विदेश में नौकरी हासिल करने का शानदार मौका सामने आया है। इजराइल में होम बेस्ड केयरगिवर के पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे गए हैं, जहां चयनित अभ्यर्थियों को करीब 2 लाख रुपये मासिक वेतन मिल सकता है। हिमाचल प्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम लिमिटेड के माध्यम से यह रोजगार अवसर उपलब्ध करवाया जा रहा है। खास बात यह है कि चयनित अभ्यर्थियों को इजराइल में दो साल के अनुबंध पर काम करने का अवसर मिलेगा, जिसे आगे बढ़ाया भी जा सकता है।
मंडी जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान के अनुसार इजराइल में होम बेस्ड केयरगिवर के पद के लिए कुल मासिक वेतन 6,443.85 न्यू इजरायली शेकेल (NIS) निर्धारित किया गया है। मौजूदा विनिमय दर के हिसाब से यह राशि लगभग 1.99 लाख रुपये प्रतिमाह बैठती है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: विजिलेंस ने बीजेपी MLA डॉ जनक राज से 3 घंटे की पूछताछ, जानें क्या क्या पूछे सवाल
इस पैकेज में मूल वेतन के साथ मेडिकल इंश्योरेंस, भोजन एवं आवास भत्ता और अन्य निर्धारित सुविधाएं शामिल हैं। हालांकि नियमों के अनुसार बीमा, भोजन, आवास और अन्य मदों में निर्धारित कटौतियां की जाएंगी। कटौती के बाद अभ्यर्थी को लगभग 1 लाख रुपये प्रतिमाह हैंड सैलरी मिलने की संभावना है।
इजराइल में चयनित अभ्यर्थियों का शुरुआती अनुबंध दो वर्ष का होगा। निर्धारित शर्तों और नियमों के अनुसार अनुबंध की अवधि आगे भी बढ़ाई जा सकती है। विदेश में केयरगिविंग क्षेत्र में काम करने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए यह रोजगार का महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।
इस नौकरी के लिए अभ्यर्थी के पास केयरगिविंग से संबंधित निर्धारित प्रशिक्षण और प्रमाण-पत्र होना जरूरी है। पात्रता के लिए अभ्यर्थी ने ओजेटी सहित कम से कम 990 घंटे का मान्यता प्राप्त केयरगिविंग प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया होना चाहिए। साथ ही सक्षम भारतीय नियामक प्राधिकरण से मान्य या जारी प्रमाण-पत्र होना जरूरी है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: निजी स्कूल बस ने कुचल दी महिला, ऊपर से गुजर गए टायर; मौके पर थम गईं सांसें
केयरगिविंग प्रशिक्षण के अलावा संबंधित मान्यता प्राप्त संस्थान से नर्सिंग, फिजियोथेरेपी, नर्स असिस्टेंट या मिडवाइफरी में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी भी पात्र हो सकते हैं।
इसके अलावा GDA, ANM, GNM, B.Sc Nursing और Post B.Sc Nursing जैसी योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी भी इस भर्ती अवसर के लिए आवेदन कर सकते हैं, बशर्ते वे निर्धारित अन्य शर्तों को पूरा करते हों।
भर्ती की शर्तों के अनुसार अभ्यर्थी का इजराइल में पहले से कार्य अनुभव नहीं होना चाहिए। इसके साथ ही अभ्यर्थी का कोई निकटतम पारिवारिक सदस्य इजराइल में निवासरत या कार्यरत नहीं होना चाहिए। इसलिए आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों को सभी पात्रता शर्तों को ध्यान से जांचना जरूरी होगा।
विदेश जाने से पहले चयनित अभ्यर्थियों को कुछ निर्धारित खर्च स्वयं वहन करना होगा। रोजगार अधिकारी के अनुसार अनुबंध पर हस्ताक्षर करने और इजराइल भेजे जाने से पहले करीब 1,47,086 रुपये का अनुमानित खर्च हो सकता है। यह राशि अनुमानित है और परिस्थितियों के अनुसार इसमें बदलाव संभव है।
निर्धारित खर्च में पंजीकरण शुल्क, मेडिकल जांच, पुलिस रिपोर्ट, जरूरत पड़ने पर पासपोर्ट शुल्क, इंटरव्यू की वीडियो रिकॉर्डिंग और इजराइल स्थित प्लेसमेंट ब्यूरो की बास्केट ऑफ सर्विस की पहली किस्त जैसी मदें शामिल हैं। इसके अतिरिक्त वीजा प्रोसेसिंग शुल्क भी अभ्यर्थी को स्वयं वहन करना होगा।
इस रोजगार अवसर के लिए चयनित होने वाले अभ्यर्थियों को भारत से इजराइल जाने और नौकरी की अवधि पूरी होने के बाद वापस लौटने की हवाई यात्रा का खर्च भी स्वयं वहन करना होगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि किसी भी भुगतान से पहले भर्ती से संबंधित सभी नियम, शुल्क और आधिकारिक दस्तावेजों की अच्छी तरह जांच कर लें।
इस रोजगार अवसर के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 1 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थियों को अंतिम तिथि से पहले अपना पंजीकरण पूरा करना होगा। मंडी जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने इच्छुक अभ्यर्थियों से समय रहते आवेदन करने का आग्रह किया है। आवेदन के लिए विभाग की ओर से उपलब्ध कराए गए निर्धारित Google Form के माध्यम https://forms.gle/K1qnhHeCtSKMzy4FA से पंजीकरण किया जा सकता है।