#हादसा

October 6, 2025

हिमाचल: करवाचौथ के तीन दिन पहले उजड़ा महिला का सुहाग, थार ने बाइक सवार को मारी टक्कर

परिवार के इकलौते कमाने वाले शख्स की थम गई सांसें, दो बच्चों का था पिता

शेयर करें:

Bike accident Una

ऊना। हिमाचल प्रदेश में तीन दिन बाद सुहागिन महिलाओं का करवाचौथ त्यौहार आने वाला है। जिसकी लगभग सभी सुहागिनों ने तैयारी भी कर ली है। लेकिन कई बार कुछ ऐसे दुखद हादसे हो जाते हैं, जो इन सुहागिन महिलाओं की जिंदगी ही उजाड़ देते हैं। ऐसा ही एक दर्दनाक हादसा ऊना जिला में हुआ है। यहां करवाचौथ से तीन दिन पहले ही एक महिला का सुहाग उजड़ गया है। बड़ी बात यह है कि मृतक दो बच्चों का पिता था और घर में अकेला कमाने वाला था। 

करवाचौथ से पहले उजड़ा महिला का सुहाग

मिली जानकारी के अनुसार आज सोमवार सुबह ऊना जिला के उपमंडल अंब में एक थार गाड़ी ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। इस टक्कर में बाइक सवार शख्स की मौत हो गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय संदीप कुमार निवासी गांव दियाड़ा पंचायत गांव दिलबां जिला ऊना के रूप में हुई है। व्यक्ति की मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया जा रहा है कि संदीप अंब स्थित सोनालिका ट्रैक्टर कंपनी में तकनीकी कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे। सोमवार सुबह वे हमेशा की तरह फैक्ट्री के काम से मरवाड़ी की ओर जा रहे थे, लेकिन किस्मत ने उन्हें बीच रास्ते में ही रोक लिया।

 

यह भी पढ़ें: हिमाचल: अंडरग्राउंड चल रहे SDM को हाईकोर्ट से मिली राहत, पीड़िता से भी हो चुका है समझौता

तेज रफ्तार थार बनी मौत का कारण

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दौलतपुर बाजार से कुछ आगे बढ़ते ही पीछे से आ रही थार गाड़ी ने तेज रफ्तार में बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि संदीप सड़क पर जा गिरे और बुरी तरह घायल हो गए। थार चालक ने स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने वहां उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। मामले की जानकारी देते हुए चौकी प्रभारी रवि पाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण थार की अत्यधिक रफ्तार पाया गया है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

 

यह भी पढ़ें : पति-भाई के साथ हिमाचल घूमने आई थी महिला, अब देह लेकर लौटेंगे मुंबई; टैंकर से टकराई थी बाइक

करवाचौथ से पहले टूटा परिवार का सहारा

संदीप की मौत ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है। उनकी पत्नी करवाचौथ के त्योहार के लिए तैयारी कर रही थीं, अपने पति की लंबी उम्र की कामना के लिए व्रत रखने की उसने लगभग सारी तैयारी कर रखी थी। लेकिन किस्मत ने ऐसा क्रूर मज़ाक किया कि वह अब पति की तस्वीर के सामने दीपक जलाएंगी। गांव की महिलाएं कहती हैं कि करवाचौथ से पहले किसी परिवार पर इतना गहरा साया पहली बार देखा है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में आज फिर होगी भारी बारिश, 8 जिलों में अलर्ट- पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी

दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

संदीप अपने परिवार में इकलौते कमाने वाले थे। उनके घर में पत्नी 15 वर्षीय बेटी और 13 वर्षीय बेटा है। अब दोनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। परिजनों का रो.रोकर बुरा हाल है, जबकि पत्नी सदमे में बेसुध है। मृतक के पिता रणवीर सिंह ने बताया कि संदीप सुबह रोज की तरह ड्यूटी के लिए निकला था, किसे पता था कि वह लौटेगा नहीं। अब घर का चूल्हा कैसे जलेगा, यह सोचकर ही डर लगता है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : दीवाली से दो हफ्ते पहले बुझा घर का चिराग, परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़

पंचायत ने की सहायता की मांग

जैसे ही संदीप की मौत की खबर गांव पहुंची, पूरा दिलबां गांव गमगीन हो गया। गांव के हर घर से लोग शोक संतप्त परिवार के पास पहुंचे। पंचायत उपप्रधान अशोक कुमार, वार्ड सदस्य श्याम सुंदर और बंटी चौधरी ने प्रशासन से अपील की कि परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता दी जाए और बच्चों की पढ़ाई की जिम्मेदारी सरकार उठाए। पंचायत ने भी हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख