#हादसा

January 9, 2026

हिमाचल BREAKING : खाई में गिरी बस - 7 की मौ*त, 50 यात्री थे सवार- रेस्क्यू जारी

राहत और बचाव कार्य जारी

शेयर करें:

Sirmaur Accident

सिरमौर। हिमाचल की पहाड़ी सड़कों पर एक बार फिर मौत बनकर उतरी रफ्तार ने कई घरों की खुशियां छीन ली हैं। सिरमौर जिले के नौहराधार क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जहां यात्रियों से भरी एक निजी बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। 

200 मीटर खाई में गिरी बस

हादसा हरिपुरधार बाजार से कुछ दूरी पहले हुआ, जहां शिमला से कुपवी जा रही बस अचानक संतुलन खो बैठी और करीब 200 मीटर नीचे खाई में समा गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई और हर तरफ अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

यह भी पढ़ें : मंत्री विक्रमादित्य पर मेहरबान हुई मोदी सरकार : एक रिक्वेस्ट से मिली 2300 करोड़ की सौगात

50 यात्री थे सवार

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस जैसे ही हरिपुरधार के नजदीक पहुंची, एक तीखे मोड़ पर चालक का नियंत्रण हट गया। देखते ही देखते बस सड़क से फिसलती हुई गहरी ढलान में जा गिरी। दुर्घटना इतनी भयानक थी कि बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बस में 50 से ज्यादा यात्री सवार थे, जिनमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल बताए जा रहे हैं।

7 से ज्यादा मौतों की आशंका

स्थानीय स्तर पर मिल रही सूचनाओं के अनुसार इस हादसे में 7 से अधिक लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, प्रशासन की ओर से अभी मौतों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। कई यात्रियों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर है, जिन्हें खाई से निकालकर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचाया जा रहा है।

यह भी पढ़ें : पंचायत चुनाव पर HC के फैसले से CM सुक्खू नाखुश : क्या सुप्रीम कोर्ट जाएगी सरकार?

ग्रामीणों ने की मदद

हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के गांवों के लोग मौके पर पहुंचे और बिना किसी देरी के बचाव कार्य में जुट गए। दुर्गम पहाड़ी इलाका होने के कारण राहत कार्य बेहद मुश्किल साबित हो रहा है। लोग रस्सियों और स्थानीय साधनों की मदद से घायलों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। कई घायलों को कंधों और अस्थायी स्ट्रेचर के जरिए ऊपर सड़क तक लाया गया।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : देर रात निकले थे चार दोस्त, पेड़ से टकराई तेज रफ्तार कार- मौके पर तोड़ा दम

पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य टीमें मौके पर

सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके के लिए रवाना कर दी गईं। एंबुलेंस सेवाएं भी सक्रिय कर दी गई हैं। गंभीर रूप से घायलों को रेफर करने की तैयारी चल रही है। प्रशासन की प्राथमिकता इस समय सभी फंसे यात्रियों को जल्द से जल्द बाहर निकालना और उन्हें चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।

कारणों की जांच शुरू

फिलहाल हादसे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्राथमिक तौर पर तेज रफ्तार और पहाड़ी मोड़ पर संतुलन बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बस की तकनीकी स्थिति, चालक की भूमिका और सड़क की हालत — सभी पहलुओं की पड़ताल की जाएगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख