#हादसा
February 5, 2026
हिमाचल : ड्यूटी खत्म कर लौटा युवक, कमरे का दरवाजा खोलते ही हुआ जोरदार धमाका- निकले प्राण
कमरे में हो रहा था गैस रिसाव- दरवाजे खोलते ही हो गया धमाका
शेयर करें:

सोलन। हिमाचल प्रदेश में गैस सिलेंडर व रिसाव से होने वाले हादसे एक बार फिर जानलेवा साबित हुए हैं। कुछ ही दिनों पहले प्रदेश में गैस सिलेंडर फटने से हुई दर्दनाक दुर्घटना की खबर अभी लोगों के जहन से धुंधली नहीं हुई थी कि अब बद्दी के औद्योगिक क्षेत्र नालका में एक और भयावह घटना सामने आ गई।
यहां LPG सिलेंडर में गैस के रिसाव के कारण कमरे में हुए जोरदार धमाका हुआ है। हादसे में 28 वर्षीय वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई है। कमाऊ बेटे की मौत के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
मृतक की पहचान 28 वर्षीय राजीव कुमार पुत्र हंसराज, निवासी गांव एवा, जिला चंबा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राजीव कुमार बद्दी की एक निजी औद्योगिक इकाई में कार्यरत था और रोजी-रोटी के लिए नालका क्षेत्र में किराए के कमरे में अकेला रह रहा था।
मंगलवार को भी वह रोजाना की तरह सुबह अपने कमरे को लॉक कर ड्यूटी पर चला गया। इसी दौरान कमरे के भीतर रखे LPG सिलेंडर से गैस का रिसाव होता रहा, लेकिन कमरे में कोई मौजूद न होने के कारण किसी को इसकी भनक तक नहीं लग सकी।
शाम को जब राजीव ड्यूटी समाप्त कर वापस लौटा और जैसे ही उसने अपने कमरे का दरवाजा खोला, अंदर भरी गैस ने चिंगारी पाते ही भयानक रूप ले लिया। जोरदार धमाके के साथ कमरे में विस्फोट हो गया। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि राजीव बुरी तरह झुलस गया और गंभीर रूप से घायल होकर नीचे गिर पड़ा।
धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। कमरे से धुआं निकलता देख लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए राजीव को बाहर निकाला और तत्काल नालागढ़ अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई थी। स्थिति गंभीर देखते हुए उसे PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।
परिवार और साथियों की उम्मीदों पर उस वक्त पानी फिर गया, जब PGI ले जाते समय रास्ते में ही राजीव ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही उसके परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। चंबा के उसके गांव में भी मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मामले की पुष्टि करते हुए ASP अशोक वर्मा ने बताया कि पुलिस ने नालागढ़ अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। शुरुआती जांच में पाया गया है कि हादसा गैस रिसाव होने के कारण हुआ है- लेकिन पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। यह भी देखा जा रहा है कि सिलेंडर, रेगुलेटर या पाइप में किसी प्रकार की तकनीकी खामी तो नहीं थी।
इस दर्दनाक घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी डर का माहौल है। लोग किराए के कमरों और मजदूर बस्तियों में गैस सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं। औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले सैकड़ों प्रवासी मजदूरों के लिए यह हादसा एक चेतावनी बनकर सामने आया है।