#हादसा
February 5, 2026
हिमाचल में पड़ रही कड़ाके की ठंड से थमीं महिला की सांसें, परिवार संग घूमने आई थी बेचारी
परिजन सदमे में हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है
शेयर करें:

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में बर्फ का दीदार करने आने वाले पर्यटकों का तांता लगा हुआ है। मगर तेज ठंड के कारण कई पर्यटकों की जान तक चली जाती है। ऐसा ही एक मामला कुल्लू जिले से सामने आया है- यहां ठंड के कारण एक महिला की मौत हो गई है।
यह दुखद खबर प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मनाली से सामने आई है। मुंबई से घूमने आई 38 वर्षीय महिला पर्यटक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। आशंका जताई जा रही है कि अत्यधिक ठंड लगना इस मौत का कारण हो सकता है। इस घटना के बाद पर्यटन नगरी मनाली में शोक का माहौल है।
मृतका की पहचान प्रियंका विष्णु दुखंडे (38) पुत्री विष्णु दुखंडे, निवासी काला चौकी, मुंबई के रूप में हुई है। प्रियंका अपने रिश्तेदारों के साथ मनाली घूमने आई थीं और यहां के प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद ले रही थीं। प्रियंका ने वहां अपनी मौसी के साथ खूब वीडियोज बनाई और फोटो भी खींचे। मगर उसके क्या पता था अब यही तस्वीरें उसकी आखिरी यादें बनकर रह जाएंगी।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम प्रियंका अपनी मौसी के साथ सोलंगनाला घूमने गई थीं। सोलंगनाला में उस समय मौसम काफी ठंडा था और बर्फीली हवाएं चल रही थीं। घूमने के बाद जब दोनों वापस लौटीं, तो प्रियंका अचानक कांपने लगीं।
कुछ ही देर में उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ती चली गई। परिजन पहले तो इसे सामान्य ठंड मानकर संभालने की कोशिश करते रहे, लेकिन जब हालत में सुधार नहीं हुआ और कमजोरी बढ़ती गई, तो वे घबरा गए।
प्रियंका की हालत गंभीर होते देख उनकी मौसी उन्हें तुरंत मिशन अस्पताल मनाली लेकर पहुंचीं। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने प्रियंका को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मनाली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। DSP मनाली केडी शर्मा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया गया है। महिला के मौत के असली कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।
प्रियंका की अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। छुट्टियां मनाने आई महिला की इस तरह असमय मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। परिजन सदमे में हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
इस घटना ने एक बार फिर पहाड़ी इलाकों में मौसम के अचानक बदलते मिजाज और ठंड के खतरों को उजागर किया है। स्थानीय लोगों और प्रशासन का कहना है कि बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों को ठंड से बचाव के पूरे इंतजाम करने चाहिए और तबीयत बिगड़ने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लेनी चाहिए।