#अपराध
August 21, 2026
हिमाचल में पति-पत्नी ने नशा बेच खड़ी की करोड़ों की संपत्ति- अब चला पुलिस का डंडा
फरवरी के नशा तस्करी केस में सामने आई संपत्ति
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश में पुलिस प्रशासन नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। अब पुलिस ने नशे के कारोबार से अर्जित की गई काली कमाई और संपत्तियों पर भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। ताजा मामला जिला ऊना से सामने आया है, जहां पुलिस ने नशा तस्करी से जुड़े एक मामले में 85 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति फ्रीज कर बड़ी कार्रवाई की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला ऊना से सामने आया है। यह मामला पुलिस थाना अंब में फरवरी महीने में दर्ज NDPS एक्ट के केस से जुड़ा है। केस नंबर 26/2026 की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की आर्थिक गतिविधियों और उसकी संपत्तियों की जांच की। इस दौरान आरोपी और उसकी पत्नी के नाम कई चल-अचल संपत्तियां सामने आईं।
पुलिस ने 20 अगस्त को आरोपी और उसकी पत्नी के नाम दर्ज दो मंजिला मकान, आठ मरला जमीन, दो एलएमवी वाहन, एक गुड्स ट्रांसपोर्ट एलएमवी, एक बैंक खाता और नौ पोस्टल सेविंग अकाउंट को फ्रीज कर दिया। इन सभी संपत्तियों की कुल कीमत करीब 85,75,012 रुपये बताई गई है।
ऊना पुलिस का कहना है कि नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई अब सिर्फ उनकी गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि नशे के अवैध कारोबार से पैसा कहां से आया और उससे कौन-कौन सी संपत्तियां बनाई गईं। आरोपियों के बैंक खातों और दूसरे वित्तीय लेन-देन की भी जांच की जा रही है।
SP सचिन हीरेमठ ने बताया कि नशा तस्करी से जुड़े कई अन्य मामलों में भी फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन चल रही है। पुलिस आरोपियों की संपत्तियों, बैंक खातों और अन्य आर्थिक गतिविधियों की जांच कर रही है। उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले दिनों में नशा तस्करों के खिलाफ आर्थिक मोर्चे पर और बड़ी कार्रवाई की जा सकती है।