#हादसा
September 4, 2025
हिमाचल में घर पर हुआ भूस्खलन, NDRF जवान समेत दो लोग मलबे में दबे- तलाश जारी
देर रात हुआ भूस्खलन- नहीं मिला संभलने का मौका
शेयर करें:
कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में कुदरत का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा। मंडी में हुए दर्दनाक हादसे के बाद अब कुल्लू में भी भूस्खलन की घटना सामने आई है। बीती रात करीब 11 से 12 बजे के बीच अखाड़ा बाजार के पास अचानक पहाड़ी से मलबा गिरा और एक रिहायशी मकान पर जा धमका।
हादसे में दो लोग मलबे में दब गए हैं, जिनकी तलाश जारी है। इनमें एक NDRF का जवान और एक कश्मीरी मजदूर शामिल है। भूस्खलन के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल है और लोग सहमे हुए हैं।
घर पर हुआ भूस्खलन
जानकारी के अनुसार, प्रभावित मकान में अलग-अलग कमरे में लोग रह रहे थे। एक कमरे में जवान जबकि दूसरे में दो कश्मीरी मजदूर रहते थे। हादसे के वक्त मलबा गिरने पर एक मजदूर खिड़की से बाहर निकलकर जान बचाने में सफल रहा, लेकिन उसका साथी मलबे में दब गया।
भूस्खलन का मलबा सीधे घर की छत पर आ गिरा, जिससे छत पूरी तरह कंक्रीट और पत्थरों के मलबे में तब्दील हो गई। पूरा मकान ढह जाने के कारण दबे हुए लोगों तक पहुंचना मुश्किल हो गया। बचाव दल छत को काटकर अंदर फंसे लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही DC कुल्लू तोरुल एस रवीश और SP कार्तिकेयन गोकुल चंद्रन मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। रातभर एनडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी रहीं, लेकिन अब तक दबे लोगों का कोई पता नहीं चल पाया है।
फिलहाल, राहत दल लगातार मलबा हटाने में लगे हुए हैं और प्रशासन का कहना है कि दबे लोगों को निकालने के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है। इलाके में दहशत और मातम का माहौल है।
वहीं, मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे सुंदरनगर उपमंडल के जंगम बाग क्षेत्र में अचानक पहाड़ी दरक गई और भारी भूस्खलन ने दो मकानों को पूरी तरह से मलबे में तब्दील कर दिया।देखते ही देखते मौके पर चीख-पुकार और लोगों में भगदड़ मच गई। लोग जान बचाने के लिए भागे, लेकिन कई लोग दबकर वहीं मौत के आगोश में समा गए। अब तक मलबे से 6 शव बरामद किए जा चुके हैं।
इस भूस्खलन के कारण एक ही परिवार के चार लोगों समेत 6 की मौत हो गई। मृतकों की पहचान सुरेंद्र कौर, उनके बेटे गुरप्रीत सिंह, बहू भारती, 3 वर्षीय पोती कीरत, शांति देवी और स्कूटर सवार प्रकाश शर्मा के रूप में हुई है। रेस्क्यू टीम को मां-बेटे का शव घर की छत काटकर निकालना पड़ा। स्कूटर सवार प्रकाश शर्मा भी मलबे के नीचे से बरामद हुए, लेकिन संदेह है कि उनके साथ कोई और भी मौजूद था।