#हादसा

September 5, 2025

हिमाचल भूस्खलन : मलबे में दबे 6 लोगों का नहीं कोई सुराग, पिछले 24 घंटों से जारी है तलाश

मस्जिद से नमाज अदा कर लौटे घर- अचानक दरका पहाड़

शेयर करें:

Kullu Landslide

कुल्लू। हिमाचल में बारिश ने सब तहस-नहस कर दिया है। भारी बारिश और भूस्खलन के कारण जगह-जगह तबाही मची हुई है। कुल्लू जिला मुख्यालय में भूस्खलन की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं।

भूस्खलन में दबे 6 लोग

गुरुवार सुबह इनर अखाड़ा बाजार में हुए ताजा भूस्खलन में दो मकान मलबे की चपेट में आ गए। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है, जबकि तीन लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। अभी भी एक महिला सहित छह लोग मलबे में दबे हुए हैं।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में फिर बारिश का अलर्ट, 5 जिलों के लिए अगले 24 घंटे भारी- गर्जन के साथ बरसेंगे बादल

मलबे में दबे 6 लोगों का नहीं कोई सुराग

रेस्क्यू अभियान जारी है और NDRF की टीम मौके पर जुटी हुई है। ADC कुल्लू अश्विनी कुमार व SDM निशांत कुमार राहत और बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। यह तीन दिन के भीतर कुल्लू में भूस्खलन की चौथी बड़ी घटना है, जिससे स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। 

एक की मौत, 4 घायल- 6 लापता

विदित रहे कि, अखाड़ा बाजार में कल सुबह करीब 6:30 बजे पहाड़ी से भारी मलबा और चट्टानें अचानक मकानों पर आ गिरीं। इस घटना में तीन मकान चकनाचूर हो गए। हादसे में अब तक एक शख्स की मौत हो चुकी है, चार लोग घायल हैं और छह अन्य लोगों की तलाश जारी है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में आपदा के बीच महंगाई: राशन डिपो में महंगी मिलेंगी तीनों दालें, सरसों तेल भी गायब

अचानक हुआ जोरदार धमाका

स्थानीय निवासी नरेंद्र सूद ने बताया कि भूस्खलन के समय वह अपने घर में सो रहे थे। अचानक जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। जब बाहर देखा तो सामने के घरों पर पहाड़ से मलबा गिर चुका था।

इलाके में मची भगदड़

भूस्खलन होते ही पूरे इलाके में शोर और भगदड़ मच गई। स्थानीय युवाओं ने किसी तरह मलबा हटाकर दो महिलाओं और एक अन्य व्यक्ति को मलबे से बाहर निकाला। घटना में तीनों गंभीर रूप से घायल हुए थे। लोगों द्वारा तुरंत घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

यह भी पढ़ें : हिमाचल: भरमौर में फंसे 415 यात्री किए रेस्क्यू, 35 को किया एयरलिफ्ट, केंद्र से नहीं मिले पांच हेलिकॉप्टर

नमाज पढ़कर आए थे

इस हादसे के शिकार अधिकतर कश्मीरी मजदूर बताए जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शी बशीर अहमद ने बताया कि उनके साथी नमाज़ अदा करने के बाद कमरे में लौटे ही थे कि अचानक भूस्खलन हो गया। इसमें उनके पांच साथी मजदूर और मकान की महिला मालकिन अंदर ही दब गए।

रेस्क्यू करना हो रहा मुश्किल

फिलहाल,  NDRF की टीम स्थानीय पुलिस और प्रशासन के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्य चला रही है। मलबा इतना भारी है कि छत के स्लैब तक चकनाचूर हो चुके हैं, जिससे रेस्क्यू और मुश्किल हो गया है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख