#हादसा

September 30, 2025

हिमाचल: खाई में गिरने लगी थी HRTC बस, चालक के एक फैसले ने बचा ली कई जिंदगियां

चालक ने पहाड़ी से टकरा दी बस, बीस सड़क पलटी

शेयर करें:

HRTC Bus Accident

नाहन। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला से एक बड़े हादसे की खबर सामने आई है। आज मंगलवार सुबह राजगढ़ उपमंडल में हिमाचल पथ परिवहन निगम की एक बस हादसे का शिकार हो गई। यह बस बीच सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। जिसे सुन स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को बस से निकाल कर अस्पताल पहुंचाया।

 

दरअसल हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम की यह बस धाली डिब्बर से शिमला की ओर जा रही थी। इस दौरान अचानक बस में तकनीकी खराबी आने से वह अनियंत्रित हो गई। लेकिन चालक की समझदारी और त्वरित निर्णय ने दर्जनों जिंदगियों को बचा लिया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष को लेकर सस्पेंस खत्म, इस दिन होगा ऐलान; सीएम-डिप्टी सीएम जाएंगे दिल्ली

खाई में गिरने से बचा ली बस

प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह लगभग 8 बजे बस का पट्टा टूट गया। इससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह खाई की ओर झुकने लगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चालक ने पहाड़ी से बस को टकरा कर सड़क पर ही पलटा दिया। हादसे में चालक परिचालक और एक महिला यात्री को गंभीर चोटें आईं, जबकि अन्य सात यात्रियों को हल्की चोटें पहुंची हैं। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से ठियोग अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

 

यह भी पढ़ें : जयराम का तंज: कांग्रेस को सत्ता सौंप पछता रही जनता, सुख की सरकार से दुखी हो चुके हैं लोग

सड़क के दोनों तरफ ठप हुआ यातायात

बस हादसे के कारण मुख्य सड़क पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन ने तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू किया। सड़क पर पलटी बस को हटाने के लिए क्रेन बुलाई गई है। पुलिस ने लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाकर जाम खोलने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

क्या कहते हैं थाना प्रभारी

राजगढ़ थाना प्रभारी राजविंदर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण बस में आई तकनीकी खामी पाई गई है। उन्होंने कहा कि चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बस को सड़क पर पलटा, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया। यदि बस खाई में गिर जाती तो स्थिति भयावह हो सकती थी।

 

यह भी पढ़ें : अपनी रानी को लेकर रामपुर पहुंचे विक्रमादित्य, पारम्परिक रीति रिवाज के साथ किया गृह प्रवेश 

 

प्रशासन ने घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों तक पहुंचा दी है। साथ ही तकनीकी खामी की विस्तृत जांच करने और आगे से ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के निर्देश दिए गए हैं। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने चालक की सतर्कता की सराहना करते हुए कहा कि उसके साहस और समझदारी ने कई परिवारों को बड़ी त्रासदी से बचा लिया।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख