#हादसा

September 5, 2025

हिमाचल : पति के बाद अब 24 साल के बेटे ने छोड़ी दुनिया, मां का था इकलौता सहारा

मां और नवविवाहिता पर टूटा दुखों का पहाड़

शेयर करें:

Himachal Water Shortage
कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां पर एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार के इकलौते सहारे की हादसे में मौत हो गई है। युवक की मौत के बाद उसकी माता और नवविवाहिता गहरे सदमे में हैं।

परिवार से छिन गया सहारा

बताया जा रहा है कि युवक की मौत करंट लगने के कारण हुई है। सबसे दुखद बात यह है कि युवक की अभी महज चार महीने पहले ही शादी हुई थी। उसके पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। अब उसके परिवार में सिर्फ उसकी मां और पत्नी ही हैं।
जानकारी के अनुसार, भारी बारिश के कारण बीते काफी दिन से नूरपुर शहर में पानी की क्ल्लित हो रही है। पानी ना होने के कारण लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। ताजा मामले में युवक को इसी कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है।

घर पर मंगवाया पानी का टैंकर

बताया जा रहा है कि कई दिनों से वार्ड नंबर- 3 में भी पानी की किल्लत चल रही थी। बीते कल रात अर्जुन महाजन (24) ने घर पर पानी की कमी को पूरा करने के लिए अपने पैसों से पानी का टैंकर मंगवाया था।

पड़ोस में गया पंप लेने

रात को जब टैंकर घर के पास पहुंचा तो पानी को टंकी तक पहुंचाने के लिए टुल्लू पंप चाहिए था। मगर अर्जुन के घर पर पंप नहीं था। ऐसे में अर्जुन पड़ोसियों के पास टुल्लू पंपा लाने चला गया। इसी दौरान पंप उतारते वक्त अर्जुन बिजली की तार की चपेट में आ गया।

तार से लगा जोरदार झटका

तार की चपेट में आते ही अर्जुन को जोरदार झटका लगा और फिर बेहोश होकर गिर गया। यह सब देखकर मौके पर मौजूद सभी लोगो में अफरा-तफरी मच गई। घटनास्थल पर मौजूद लोगों द्वारा आनन-फानन में अर्जुन को उपचार के लिए नूरपुर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां मौजूद डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक इलाज दिया।

रास्ते में तोड़ा अर्जुन ने दम

इलाज के बाद भी अर्जुन की हालत में कोई सुधार नहीं आ रहा था। इसी के चलते परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए पठानकोट अस्पताल ले जा रहे थे। मगर किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में अर्जुन ने दम तोड़ दिया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

अर्जुन की मौत के बाद उसकी मां और पत्नी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अर्जुन अपनी मां और पत्नी का इकलौता सहारा था। अभी चार महीने पहले ही घर पर खुशियां आई थी- जब अर्जुन की शादी हुई थी। मगर महज चार महीने के अंदर परिवार उजड़ गया। 

पूरे गांव में पसरा मातम

अर्जुन की मौत के बाद पूरे गांव में माहौल गमगीन बना हुआ है। अर्जुन की अचानक हुई मौत के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। लोगों का कहना है कि अर्जुन काफी समझदार और मेहनती लड़का था। पिता की मौत के बाद अर्जुन ने अकेले घर की और अपनी मां की पूरी जिम्मेदारी संभाली। अर्जुन की शादी के बाद परिवार में खुशियां आई थी, लेकिन अब सब खत्म हो गया।
ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख