#हादसा
August 1, 2026
हिमाचल: बेकाबू हुआ ट्रक दीवार से टकराया, डेढ़ घंटा केबिन में फंसा रहा चालक; थम गई सांसें
क्रेन की मदद से बाहर निकाला चालक, पर तब हो चुकी थी देर
शेयर करें:

बद्दी (सोलन)। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले से शनिवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां पलभर में छीन लीं। औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में पाइपों से लदा एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर उद्योग विभाग के कार्यालय की दीवार से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और चालक केबिन में ही बुरी तरह फंस गया। करीब डेढ़ घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा शनिवार सुबह करीब 8:45 बजे बद्दी-बरोटीवाला मार्ग पर सिक्का रिसॉर्ट के समीप हुआ। पाइपों से भरा ट्रक वर्धमान की ओर से आ रहा था। बताया जा रहा है कि उतराई के दौरान चालक ट्रक पर नियंत्रण खो बैठा और देखते ही देखते वाहन सड़क किनारे स्थित उद्योग विभाग के कार्यालय परिसर की दीवार से जा भिड़ा।
यह भी पढ़ें : महंगाई के बीच बड़ी राहत! हिमाचल में सस्ता हो गया LPG सिलेंडर, जानें अब कितने में मिलेगा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन के भीतर ही फंस गया। आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े, लेकिन क्षतिग्रस्त केबिन के कारण चालक तक पहुंचना आसान नहीं था।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और राहत दल मौके पर पहुंच गए। चालक को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए क्रेन की मदद लेनी पड़ी। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चालक को केबिन से बाहर निकाला गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: होटल बुलाए पति-पत्नी को दे दिया नशा, बेसुध महिला से की नीचता; VIDEO बना किया वायरल
मृतक की पहचान कुलविंदर सिंह पुत्र दर्शन सिंह, निवासी गांव मनकवाल (बसंत एवेन्यू), जिला लुधियाना, पंजाब के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर लिए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा ब्रेक फेल होने, तकनीकी खराबी, तेज रफ्तार या किसी अन्य कारण से हुआ।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में सियासी भूचाल: विजिलेंस रडार पर एक और पूर्व MLA, इसने भी कांग्रेस छोड़ थामा था BJP का दामन
एएसपी बद्दी अशोक वर्मा ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।