#हादसा
July 1, 2025
हिमाचल: समारोह से लौट रहे परिवार की कार पेड़ से टकराई, दादी-पोती की थम गई सांसें
करनाल से हिमाचल लौटते समय पेड़ से टकराई कार
शेयर करें:

सिरमौर / यमुनानगर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के पांवटा साहिब से ताल्लुक रखने वाले एक परिवार की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब एक भीषण सड़क हादसे में दादी और पोती की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बच्ची का पिता गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा हरियाणा के यमुनानगर जिले के माणकपुर के समीप मुंडाखेड़ा गांव के पास तड़के चार बजे हुआ। हादसे की वजह चालक को नींद की झपकी आना माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार पांवटा साहिब के वार्ड नंबर 4 निवासी सुनील अपनी 61 वर्षीय मां मीरा रानी और चार वर्षीय बेटी सेजसी के साथ करनाल में एक पारिवारिक समारोह में शामिल होने के लिए गए थे। समारोह के बाद तीनों लोग रात करीब 12 बजे खुद की कार से घर लौट रहे थे। जब वे यमुनानगर के मुंडाखेड़ा के पास पहुंचे तो चालक सुनील को नींद की झपकी आ गई, जिससे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में मीरा रानी और मासूम सेजसी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुनील गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल जगाधरी सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।
पुलिस ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम सुबह जगाधरी सिविल अस्पताल में करवाया गया। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनो के हवाले कर दिए हैं। वहीं परिजन भी शवों को लेकर पांवटा साहिब के लिए निकल चुके है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। इस घटना से परिवार के साथ साथ पूरे गांव में मातम पसर गया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: गहरी खाई में गिरी कार, दो दिन बाद लगा घटना का पता, एक घर का बुझ गया चिराग
यह हादसा सिर्फ एक परिवार की नहीं, पूरे हिमाचल की पीड़ा बन गया है। जरूरत है कि रात में गाड़ी चलाने से पहले पर्याप्त विश्राम और सावधानी बरती जाएए ताकि ऐसी त्रासदियों को रोका जा सके।
हादसे की खबर जैसे ही पांवटा साहिब पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मृतका मीरा रानी इलाके में एक सुलझी हुई और सामाजिक महिला के रूप में जानी जाती थीं। वहीं, चार वर्षीय सेजसी की मौत से मोहल्ले में हर आंख नम है। परिजनों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क सुरक्षा के उपायों को और सख्ती से लागू किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।