#हादसा
December 7, 2025
हिमाचल : 2 फौजी जवानों के अंतिम संस्कार पर टूटा परिवार- पत्नी और मां की बिगड़ी हालत
600 मीटर गहरी खाई में गिरी कार
शेयर करें:

मंडी। दोस्त की शादी में जा रहे सेना के दो जवानों की कार 600 मीटर गहरी खाई में गिरने से उनकी मौत हो गई। दोनों ही जवान छुट्टी पर घर आए थे। परिवार में बेटों के लौटने पर रौनक लगी थी। मगर किसे क्या पता था कि इन खु्शियों को किसी की नजर लगने वाली है। जिला मंडी में हुए एक हादसे में 2 परिवारों ने सहारा खो दिया।
कार हादसे में 2 सेना के जवानों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान नितेश निवासी टारना हिल थनेहड़ा, मंडी और महेंद्र कुमार निवासी दूसरा खाबू, तहसील बल्ह के रूप में हुई है, जो अपने दोस्त की शादी में शामिल होने जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक मंडी से अपने दोस्त अमर की शादी में शामिल होने ब्रेगन गांव जा रहे थे। उनके साथ दूसरी गाड़ी में चल रहे दोस्तों ने बताया कि वे शाम करीब 6 बजे मंडी से निकले थे। दरलोग पहुंचने पर जब पीछे आ रही उनकी गाड़ी नहीं दिखी तो उन्होंने फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। कुछ देर बाद किसी महिला ने फोन उठाया और बताया कि नीचे खाई में दुर्घटनाग्रस्त कार के पास यह मोबाइल मिला है। इसके बाद दोस्त घटना स्थल की ओर लौटे।
घटनास्थल पर पहुंचकर दोस्तों ने खाई में उतरकर जांच की तो दोनों जवान कार से बाहर मृत अवस्था में मिले। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला दर्ज किया।
नितेश फुटबॉल और स्कीइंग के उत्कृष्ट खिलाड़ी थे। हाल ही में वे नाहन में आयोजित राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर लौटे थे। महेंद्र भी स्कीइंग में दक्ष थे और हाल ही में इस खेल के लिए यूएसए का दौरा कर चुके थे। दोनों अपनी-अपनी बटालियनों में इंस्ट्रक्टर के रूप में भी सेवाएं दे रहे थे।
नितेश के पिता पुलिस में थे और चंबा में आतंकी हमले के दौरान शहीद हुए थे। उनके घर में मां, पत्नी और एक बेटा है। महेंद्र के पिता 5 जैक राइफल्स में कैप्टन रहे थे। उनके घर में भी कमाई का सहारा वही थे और छोटा भाई पढ़ाई कर रहा है।
हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में चीख-पुकार मच गई। महेंद्र की पत्नी बेहोश हो गई, जबकि नितेश की मां और पत्नी को भी संभालना मुश्किल हो गया। देर शाम सेना के ट्रकों से दोनों जवानों के पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव पहुंचाए गए।