#हादसा
July 12, 2025
हिमाचल: पेड़ से टकराई स्कूटी, परिवार ने खोया 20 साल का बेटा; पिता ने दिया अर्थी को कांधा
स्कूटी पर सवार थे 19 और 20 साल के युवक, पेड़ से जा टकराए
शेयर करें:
कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में आए दिन हो रहे सड़क हादसे कई घरों के चिरागों को बुझा रहे हैं। इन हादसों में ज्यादातर युवा वर्ग की मौत हो रही है। जिसका एक बड़ा कारण लापरवाही और तेज रफ्तार है। कुछ ऐसा ही मामला हिमाचल के कांगड़ा जिला के भवारना से सामने आया है। यहां माता पिता ने अपने 20 साल के जवान बेटे को खो दिया है। बेटे के शव को देख कर परिजनों के आंसू रूक ही नहीं रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार भवारना पुलिस थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्कूटी दुर्घटना में 20 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक युवक की पहचान 20 वर्षीय अभिषेक पुत्र विपिन कुमार निवासी गांव गुग्गा सलोह के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अभिषेक अपने 19 वर्षीय मित्र प्रिंस पुत्र बलवीर सिंह के साथ स्कूटी पर सवार होकर शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे अपने गांव सलोह से परौर की ओर जा रहा था। जैसे ही वे भट्टू के पास पहुंचे, अचानक स्कूटी अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अभिषेक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
इस हादसे में दूसरा युवक प्रिंस गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है और परिजन उसकी सलामती की दुआ कर रहे हैं।
भवारना थाना प्रभारी गुरदेव सिंह ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि स्कूटी के अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने की वजह से यह दुर्घटना हुई। फिलहाल मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि हादसे के असली कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घायल युवक के बयान के बाद ही चल पाएगा।
अभिषेक की असामयिक मौत ने उसके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। परिवार के लिए अभिषेक ही घर का सहारा था। पिता विपिन कुमार और माता की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे। गांव गुग्गा सलोह में मातम का माहौल है, और हर कोई इस नौजवान की असमय मौत से स्तब्ध है। ग्रामीणों का कहना है कि अभिषेक होनहार और मिलनसार युवक था।
अभिषेक के निधन ने न केवल उसके परिवार, बल्कि उसके दोस्तों और पूरे गांव को गहरे शोक में डाल दिया है। एक ऐसा बेटा जो अपने भविष्य को लेकर सपने संजो रहा था, आज उन्हीं सपनों के साथ पंचतत्व में विलीन हो गया। यह हादसा एक बार फिर से युवाओं को सड़क सुरक्षा और वाहन चलाते वक्त सतर्कता बरतने की सख्त जरूरत का संदेश देता है।