#हादसा
September 6, 2025
हिमाचल: रेलिंग तोड़ सीमेंट से भरा ट्रक खाई में गिरा, चालक सहित दो लोग थे सवार
एचआरटीसी की इलेक्ट्रिक बस से टकराई निजी वोल्वो बस
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल में भारी बारिश के बीच अब सड़क हादसों का दौर शुरू हो गया है। आए दिन हो रहे इन सड़क हादसों में कई लोगांे की जान जा रही है। वहीं कई लोग गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं। ऐसे ही दो हादसे आज शनिवार सुबह हिमाचल की राजधानी शिमला में भी हुए हैं। इन सड़क दुर्घटनाओं ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। एक हादसे में सीमेंट से लदा एक भारी ट्रक खाई में जा गिरा, वहीं दूसरे मामले में दो बसों की आमने.सामने की भिड़ंत से मार्ग पर भारी जाम लग गया।
शनिवार सुबह शिमला के तारादेवी और शोघी के बीच स्थित सोनू बंगला के पास एक बड़ा हादसा उस वक्त हुआ जब एक सीमेंट से भरा ट्रक सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक शिमला की ओर जा रहा था, तभी चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और ट्रक रेलिंग तोड़ते हुए सीधे नीचे खाई में जा गिरा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: ट्रक से टकराई तेज रफ्तार बाइक, परिजनों को बेसहारा छोड़ गया जवान बेटा
ट्रक में उस समय चालक के साथ एक अन्य सहायक भी सवार था। हादसे के कुछ ही मिनटों बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत.बचाव कार्य में जुट गए। पुलिस को सूचित किए जाने के बाद दोनों घायलों को खाई से बाहर निकाला गया और नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार दोनों घायलों की हालत अब स्थिर है और उन्हें गंभीर चोटें नहीं आईं। ट्रक के गिरने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। प्राथमिक दृष्टि से ब्रेक फेल या ओवरस्पीड की आशंका जताई जा रही है।
यह भी पढ़ें :हिमाचल में महिला ने उफनती सतलुज नदी में लगा दी छलांग, तलाश में जुटी पुलिस
आज शनिवार सुबह ही करीब 9 बजे एक और सड़क दुर्घटना शिमला के शोघी इलाके में हुई, जहां एक निजी वॉल्वो बस और हिमाचल पथ परिवहन निगम की एक इलेक्ट्रिक बस के बीच आमने.सामने की टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि यह टक्कर उस समय हुई जब इलेक्ट्रिक बस सोलन की दिशा में जा रही थी और सामने से आ रही वॉल्वो बस तीव्र मोड़ पर असंतुलित हो गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल हाईकोर्ट की HRTC को सख्त चेतावनी: 3 सप्ताह में एरियर भुगतान नहीं हुआ तो होगी कार्रवाई
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बसों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि, सौभाग्य से किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई। दोनों बसों के चालकों और कंडक्टरों ने सूझबूझ दिखाते हुए यात्रियों को तुरंत बस से बाहर निकाला और सभी को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इस हादसे के चलते कुछ समय के लिए यातायात पूर्ण रूप से बाधित रहा और हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया और क्षतिग्रस्त बसों को सड़क से हटवाकर ट्रैफिक को सामान्य किया।
यह भी पढ़ें :हिमाचल: हेलीपैड के पास मिला इंसान का सि*र, किसी बड़ी साजिश की आशंका !
इन दोनों घटनाओं ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा व्यवस्था कितनी तैयार है। विशेषज्ञों का मानना है कि खतरनाक मोड़ों पर सुरक्षा रेलिंग की मजबूती और वाहनों की तकनीकी जांच में लापरवाही इन हादसों का एक बड़ा कारण बन सकती है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि दोनों मामलों की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।