#हादसा
September 20, 2025
हिमाचल: कंपनी के कर्मचारियों को लेकर जा रही थी बस अचानक दहक उठी, मची चीख पुकार
सोलन जिला के बद्दी का मामला, कुछ ही देर में दहकी पूरी बस
शेयर करें:

बद्दी (सोलन)। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला में बीच सड़क उस समय अफरा तफरी मच गई, जब सवारियों से भरी बस ने अचानक आग पकड़ ली। आग इतनी तेजी से फैली कि उसने कुछ ही देर में पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। इस बस में कंपनी के कर्मचारी सवार थे, जिन्हें चालक कंपनी में छोड़ने जा रहा था, लेकिन बीच रास्ते में ही अचानक बस में भयंकर आग लग गई।
यह हादसा प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में शनिवार सुबह उस समय हुआ जब एक निजी बस में अचानक आग लग गई। घटना बद्दी के भटौली कलां क्षेत्र में घटी, जहां एक फैक्ट्री के बाहर खड़ी बस में आग लगते ही पूरे इलाके में अफरा.तफरी मच गई। गनीमत यह रही कि आग लगने से पहले ही बस में सवार सभी कर्मचारी सुरक्षित बाहर निकल चुके थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह बस चंडीगढ़ के मनीमाजरा से कर्मचारियों को लेकर बद्दी स्थित एक उद्योग में पहुंची थी। जैसे ही बस फैक्ट्री के बाहर खड़ी हुई, अचानक से उसमें से धुंआ निकलने लगा और जब तक लोग कुछ समझ पाते, बस में आग लग गई। देखते ही देखते बस धू.धू कर जलने लगी और आग की ऊंची लपटें आसमान तक पहुंचने लगीं।
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक आग लगने का संभावित कारण बस का ओवरहीट होना माना जा रहा है, हालांकि इसकी पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। पुलिस और दमकल कर्मियों ने तत्काल आसपास की फैक्ट्रियों को सतर्क कर दिया जिससे बड़ा हादसा टल गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के आपदा पीड़ितों को केंद्र की मोदी सरकर ने दी बड़ी राहत, की ये बड़ी घोषणा
बताया जा रहा है कि बस एक निजी ट्रांसपोर्ट कंपनी की थी, जिसका मालिक हिमाचल के ऊना जिले से संबंधित है। बस नियमित रूप से चंडीगढ़ और बद्दी के बीच कर्मचारियों को लाने.ले जाने का कार्य करती थी।हादसे के दौरान सड़क पर चल रहे अन्य वाहनों में भी हड़कंप मच गया। आग की भीषण लपटों को देखकर कई वाहन चालकों ने अपनी गाड़ियां रोक दीं और सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए। कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित रहा।
स्थानीय निवासियों और उद्योगों में कार्यरत लोगों ने प्रशासन से औद्योगिक क्षेत्रों में चलने वाले वाहनों की नियमित तकनीकी जांच सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि वाहनों की खराब स्थिति और गर्मी जैसे हालातों में ऐसी घटनाएं आम होती जा रही हैंए जिनपर रोक जरूरी है।
यह भी पढ़ें : दूल्हा बनने से पहले विक्रमादित्य का कंगना को जवाब, कहा- 'ईश्वर उन्हें सद्बुद्धि दे'- यही हमारी प्रार्थना है
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। पुलिस और दमकल विभाग दोनों इस बात की पुष्टि करने में जुटे हैं कि आग किन परिस्थितियों में लगी।