#यूटिलिटी
January 30, 2026
हिमाचल में 4 दिन बरसेंगे बादल : जमकर होगी बारिश-बर्फबारी, विभाग ने जारी किया अलर्ट
8 जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में लंबे सूखे के बाद अब मौसम ने करवट ली है। बीते एक सप्ताह के दौरान प्रदेश में सामान्य से करीब 270 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई। इससे प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में ठंड बढ़ने के साथ-साथ जल स्रोतों में भी सुधार देखने को मिला है।
इस दौरान सबसे ज्यादा असर ऊना जिला में देखने को मिला है। यहां सामान्य बारिश की तुलना में 741 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई, जो पूरे प्रदेश में सबसे अधिक है। इसके अलावा अन्य निचले और मध्यम ऊंचाई वाले जिलों में भी अच्छी बारिश हुई है, जिससे किसानों और बागवानों को राहत मिलने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि 12 अक्टूबर से 22 जनवरी तक हिमाचल प्रदेश में हालात बिल्कुल उलट थे। इस दौरान राज्य में सामान्य से 95 प्रतिशत कम बारिश और बर्फबारी हुई थी। लगातार सूखे के कारण जल स्रोत सूखने लगे थे और कृषि पर भी इसका नकारात्मक असर पड़ रहा था। हालांकि, 23 जनवरी को प्रदेश में 100 दिन से ज्यादा चला ड्राइ स्पेल टूट गया। इसके बाद से लगातार बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का सिलसिला जारी है।
मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक राहत और सर्दी दोनों अभी जारी रहेंगी। विभाग ने संकेत दिए हैं कि अगले दो सप्ताह तक बारिश और बर्फबारी का दौर बना रह सकता है।
IMD के अनुसार, एक स्ट्रांग वेस्टर्न डिस्टर्बेंस आज रात से सक्रिय हो रहा है, जिसका सबसे ज्यादा असर 1 फरवरी को देखने को मिलेगा। इस दिन ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में भारी हिमपात और निचले इलाकों में अच्छी बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग ने 1 फरवरी को प्रदेश के सभी 12 जिलों में आंधी-तूफान का यलो अलर्ट जारी किया है। तेज हवाओं के साथ बारिश और बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित हो सकता है। IMD के अनुसार, प्रदेश में 3 फरवरी तक मौसम खराब बना रह सकता है।
बारिश के साथ-साथ कोहरे ने भी चिंता बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 8 जिलों ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा, चंबा, सोलन, मंडी और सिरमौर में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। सुबह के समय 10 बजे तक विजिबिलिटी 100 मीटर से भी कम रह सकती है। इसे देखते हुए वाहन चालकों को सावधानी बरतने और धीमी गति से वाहन चलाने की सलाह दी गई है।
आज प्रदेश के निचले और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम साफ बना रह सकता है, लेकिन अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, 31 जनवरी से पूरे हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर बारिश और बर्फबारी के आसार बन रहे हैं। इसके बाद 1 और 2 फरवरी को भी बारिश होने के आसार हैं।
लगातार बदलते मौसम को देखते हुए प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के कारण सड़कें बंद होने और निचले इलाकों में फिसलन बढ़ने की आशंका है। लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।