#यूटिलिटी
April 1, 2026
सावधान हिमाचल! 48 घंटे खराब रहेगा मौसम, 10 जिलों में तेज बारिश-बर्फबारी का अलर्ट
यलो अलर्ट जारी, तेज हवाओं का खतरा
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है।आज राज्य के अधिक ऊंचाई और मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। जबकि मैदानी क्षेत्रों में मौसम साफ रहने के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल यह बदलाव हल्का रहेगा। मगर आने वाले दिनों में इसका असर ज्यादा व्यापक रूप में देखने को मिल सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, कल अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों को छोड़कर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहेगा और अच्छी धूप खिलेगी।
इससे तापमान में हल्का उछाल आने की संभावना है। पिछले कुछ दिनों से ठंडक महसूस कर रहे लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है। खासकर मैदानी इलाकों में दिन के समय मौसम सुहावना बना रहेगा।
हालांकि यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं टिकेगी। 3 अप्रैल से एक मजबूत वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने जा रहा है, जो हिमाचल के मौसम को फिर से प्रभावित करेगा। इसके चलते 3 और 4 अप्रैल को प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में तेज बारिश और बर्फबारी के साथ आंधी-तूफान चलने की संभावना है। कई स्थानों पर मौसम अचानक बिगड़ सकता है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर बाकी सभी जिलों में 3 और 4 अप्रैल के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है, जो खासकर किसानों और बागवानों के लिए चिंता का कारण बन सकती है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि 3 अप्रैल से शुरू हुआ यह सिस्टम 6 अप्रैल तक सक्रिय रह सकता है। इस दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी देखने को मिल सकती है। इससे तापमान में फिर गिरावट आएगी और ठंड का असर दोबारा बढ़ सकता है।
ओलावृष्टि और तेज हवाओं के चलते खेतों और बागानों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। खासतौर पर सेब, सब्जियों और अन्य नगदी फसलों पर इसका प्रभाव पड़ सकता है। ऐसे में कृषि विशेषज्ञ किसानों को पहले से सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं।
इस बार मौसम का मिजाज कुछ अलग ही बना हुआ है। अप्रैल की शुरुआत के बावजूद प्रदेश में अभी तक गर्मी का एहसास नहीं हो रहा है। कई शहरों का अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। हालांकि आज और कल तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन 3 से 6 अप्रैल के बीच फिर से ठंडक लौटने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए सतर्क रहें, खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोग। तेज हवाओं और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की हिदायत दी गई है।