#यूटिलिटी
December 8, 2025
हिमाचल में शुरू हुई बर्फबारी: रोहतांग - लाहुल घाटी ने ओढ़ी सफेद चादर; येलो अलर्ट जारी
ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी से बढ़ी ठंड, जानें अगले सात दिन कैसा रहेगा मौसम
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में ठंड की दस्तक तेज हो गई है। पहाड़ों में जल स्रोत जम रहे हैं और मैदानी क्षेत्रों में घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे ठंड की तीव्रता बढ़ रही है। इस सब के बीच प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में आज सोमवार सुबह मौसम ने करवट बदली और बर्फबारी का दौर शुरू हुआ। ताजा बर्फबारी ने प्रदेश में शीतलहर को और भी तेज कर दिया है। मौसम विभाग ने आगामी सात दिनों का पूर्वानुमान भी जारी कर दिया है।
आपको बता दें कि आज कुल्लू जिला के रोहतांग और लाहुल घाटी में ताजा बर्फबारी हुई है। रोहतांग दर्रे ने सफेद चादर ओढ़ ली है। वहीं लाहौल घाटी में बर्फबारी हुई है। कोकसर, ग्रांफू और चंद्र घाटी में आज हल्की बर्फ गिरी, जिससे पूरा क्षेत्र सफेद चादर से ढंक गया। बर्फबारी के बाद पूरे इलाके में ठंड और भी बढ़ गई है।
पूरे क्षेत्र में शीतलहर फैल गई है। हिमाचल के पहाड़ी क्षेत्रों में जहां बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। वहीं मैदानी इलाको में घना कोहरा पड़ रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई मैदानी क्षेत्रों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी कर दिया है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की मानें तो हिमाचल के कांगड़ा, बिलासपुर और मंडी के कुछ क्षेत्रों में घना कोहरा पड़ रहा है। विभाग ने इन क्षेत्रों मंे घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों से सूखी ठंड से बचने की अपील की है। बता दें कि प्रदेश में पड़ रही सूखी ठंड से लोग बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। जिसके चलते प्रदेश के अस्पतालों में ओपीडी में अचानक बढ़ोतरी हो गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में 13 दिसंबर तक मौसम साफ रहने की उम्मीद है।14 दिसंबर को ऊंचे इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। अगले 24 घंटों में रात का तापमान 2–3 डिग्री तक गिरने का अनुमान है, लेकिन इसके बाद तापमान फिर बढ़ सकता है। दिन का तापमान ज्यादा बदलने की संभावना नहीं है।
⦁ शिमला 9.5°C
⦁ सोलन 3.7°C
⦁ कल्पा 2.6°C
⦁ मनाली 6.7°C
⦁ कुकुमसेरी -6.2°C (सबसे कम)
⦁ ताबो -1.8°C
⦁ कुफरी 6.4°C
⦁ ऊना 5.4°C
⦁ धर्मशाला 6.8°C
⦁ बिलासपुर 7.7°C
⦁ मंडी 7.1°C सहित अन्य क्षेत्रों में तापमान में गिरावट दर्ज हुई।
लोक निर्माण विभाग ने बर्फ गिरने के बाद की पूरी तैयारी कर रखी है। साथ ही विभाग ने कहा कि आगे के दो महीनों में बर्फ पड़ने की संभावना ज्यादा रहती है, तो
विभाग 700 मशीनें तैनात करेगा और 30 हजार फील्ड कर्मचारी एवं मल्टी-टास्क वर्कर मुस्तैद रहेंगे।
बर्फ जमने पर सबसे पहले राज्य मार्ग खोलने को प्राथमिकता दी जाएगी, उसके बाद जिला एवं संपर्क मार्ग बहाल किए जाएंगे। जिला चंबा, लाहौल-स्पीति, कुल्लू, शिमला और मंडी में विशेष टीमें बनाई गई हैं और विभाग मुख्यालय में कंट्रोल रूम भी स्थापित किया जाएगा। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि सड़कों को बंद नहीं होने दिया जाएगा और पूरी तैयारी की गई है।