#यूटिलिटी
January 3, 2026
हिमाचल में फिर शुरू होगा बारिश-बर्फबारी का दौर, सात जिलों में चार दिन घने कोहरे का अलर्ट जारी
घने कोहरे और शीतलहर की चपेट में हिमाचल
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश इन दिनों कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की दोहरी मार झेल रहा है। मैदानी इलाकों में घना कोहरा लोगों की रफ्तार थाम रहा हैए तो वहीं पहाड़ों से मैदानों तक शीतलहर ने कंपकंपी बढ़ा दी है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश के सात जिलों में आगामी चार दिनों तक कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। निचले पहाड़ी और मैदानी इलाकों में सुबह और रात के समय घना कोहरा छाए रहने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है, जबकि ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है।
शनिवार को ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा और मंडी सहित कई जिलों में सुबह के समय विजिबिलिटी बेहद कम दर्ज की गई। कुछ स्थानों पर दृश्यता घटकर मात्र 50 मीटर तक पहुंच गई, जिससे सड़क यातायात पर असर पड़ा। कांगड़ा के कई क्षेत्रों और मंडी के सुंदरनगर में घना कोहरा छाया रहा, जबकि पांवटा साहिब में हल्का कोहरा देखा गया।
यह भी पढ़ें : मंत्री विक्रमादित्य की नई पहल : CGMG टेक्नोलॉजी से बनेंगी सड़कें, भारी बरसात भी नहीं तोड़ पाएगी
मौसम में आए बदलाव के चलते शिमला सहित कई क्षेत्रों में बादल छाए रहे। दोपहर बाद कुल्लू-मनाली और लाहौल की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी दर्ज की गई। रोहतांग दर्रा, बारालाचा, शिंकुला और कुंजम दर्रा सहित पीर पंजाल की पहाड़ियों में बर्फ के फाहे गिरे, जिससे ठंड और अधिक बढ़ गई है।
यह भी पढ़ें : CM सुक्खू की दो टूक: लैंड रेवेन्यू हिमाचल का अधिकार, सालाना 2 हजार करोड़ की होगी कमाई
प्रदेश के 17 स्थानों पर न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। ताबो, कुकुमसेरी और कल्पा जैसे क्षेत्रों में तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया, जबकि राजधानी शिमला में भी ठिठुरन लगातार बढ़ती जा रही है। शीतलहर के कारण लोग अलाव और हीटर का सहारा लेने को मजबूर हैं।
मौसम विभाग के अनुसार 5 जनवरी तक प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से साफ बना रहेगा, लेकिन 6 जनवरी से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है। इसके असर से उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इसके बाद 9 जनवरी तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहने और धूप खिलने का अनुमान है। अगले कुछ दिनों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।
यह भी पढ़ें : महिलाओं के लिए खुशखबरी: सुक्खू सरकार खाते में डालेगी 1500-1500 रुपए, 8 लाख ने किया है आवेदन
नए साल की छुट्टियों के चलते मनाली, शिमला और अन्य पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ी हुई है। हालांकि, लगातार बर्फबारी और मौसम की खराब परिस्थितियों को देखते हुए समुद्रतल से 13,050 फीट की ऊंचाई पर स्थित रोहतांग दर्रा को आधिकारिक रूप से पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया है। जिला प्रशासन ने पर्यटकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया है। प्रशासन और पुलिस ने पर्यटकों से मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही यात्रा करने की अपील की है। घने कोहरे और शीतलहर के बीच हिमाचल में सर्दी का असर आने वाले दिनों में और गहराने के संकेत दे रहा है।