#यूटिलिटी
March 17, 2026
हिमाचल पर अगले तीन दिन भारी, बारिश-बर्फबारी, ओलावृष्टि का येलो-ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी, लोगों से अलर्ट रहने की अपील
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बिगड़ने जा रहा है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले तीन दिन प्रदेश के लिए भारी पड़ सकते हैं। शिमला समेत कई जिलों में भारी बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि का येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। हालात ऐसे बनते दिख रहे हैं कि पहाड़ों में एक बार फिर आसमान से आफत बरस सकती है।
पिछले 24 घंटों के दौरान ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जमकर बर्फबारी हुई है। केलांग, कुकुमसेरी और कल्पा जैसे इलाकों में अच्छी खासी बर्फ जमी है, जिससे ठंड और बढ़ गई है। अधिकांश स्थानों पर दिन और रात के तापमान में सामान्य से काफी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
यह भी पढ़ें : जनता का पैसा- नेताओं की मौज: सुक्खू सरकार ने हरियाणा MLA की आवभगत पर खर्चे लाखों रुपए
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते 18 मार्च की शाम से 21 मार्च तक प्रदेश में व्यापक असर देखने को मिलेगा। कुल्लू, मंडी, कांगड़ा और शिमला सहित कई जिलों में ओलावृष्टि और तेज आंधी चलने के साथ भारी बारिश-बर्फबारी की संभावना जताई गई है। कुछ स्थानों पर तेज हवाएं 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं, जिससे नुकसान की आशंका बढ़ गई है।
प्रदेश के कई हिस्सों में 18 और 19 मार्च को जमकर ओलावृष्टि होगी। जबकि 19 और 20 मार्च को भारी बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। मौसम विभाग की मानें तो 18 मार्च को कुल्लू, मंडी और शिमला जिले में जबकि 19 मार्च व कांगड़ा, सिरमौर और सोलन जिले में ओलावृष्टि होने का ऑरेंज अलर्ट है। इसी तरह चंबा, कुल्लू और कांगड़ा जिले में 19 और 20 मार्च को जबकि मंडी और शिमला जिले में 20 मार्च को भारी बारिश.बर्फबारी का येलो अलर्ट है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में मौसम का यू-टर्न: बढ़ते तापमान के बीच हुई बर्फबारी- गर्म कपड़े निकालने को मजबूर लोग
इसी तरह से ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, शिमला, सिरमौर, सोलन और मंडी जिले में 18 से 20 मार्च के दौरान एक.दो स्थानों पर गरज के साथ बिजली और तेज हवा 60 किलीमीटर प्रति घंटे रहने का येलो अलर्ट है। 22 और 23 मार्च को राज्य के कुछ अलग.अलग स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी होगी। जबकि 17 और 21 मार्च को राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश.बर्फबारी होने के आसार हैं।
भारी बर्फबारी के चलते अटल टनल रोहतांग के आसपास मार्गों पर बर्फ का जमाव हो गया है। सड़क पर फिसलन और बर्फ जमने के कारण यातायात प्रभावित हुआ है। सीमा सड़क संगठन और प्रशासन की टीमें युद्धस्तर पर बर्फ हटाने में जुटी हैं, ताकि रास्ते को जल्द सुरक्षित बनाया जा सके।
हाल ही में भारी बर्फबारी के कारण लाहौल-स्पीति और मनाली क्षेत्र में फंसे हजारों पर्यटकों को सुरक्षित निकाला गया है। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में करीब 10 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया। मनाली की ओर सभी वाहनों को सुरक्षित भेजा गया, जिससे बड़ी राहत मिली।
प्रशासन ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों को सख्त सलाह दी है कि अगले कुछ दिनों तक ऊंचाई वाले इलाकों की यात्रा से बचें। यदि अत्यावश्यक यात्रा करनी पड़े तो केवल सक्षम वाहनों का उपयोग करें और जरूरी सामान साथ रखें। मौसम की यह चेतावनी साफ संकेत दे रही है कि हिमाचल में अगले तीन दिन भारी पड़ सकते हैं और सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है।