#यूटिलिटी

December 24, 2025

हिमाचल के सात जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज- येलो अलर्ट जारी, दो दिन होगी बर्फाबारी

व्हाइट क्रिसमस की आस इस बार भी टूटी

शेयर करें:

himachal Weather

शिमला। हिमाचल प्रदेश में इस बार ठंड ने नए रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं, लेकिन बर्फ ने अब तक दस्तक नहीं दी। पहाड़ों में कड़ाके की ठंड और मैदानी इलाकों में घने कोहरे ने जनजीवन को जकड़ लिया है, वहीं पर्यटन स्थलों पर व्हाइट क्रिसमस की आस एक बार फिर टूटती नजर आ रही है। मौसम की बेरुखी ने सैलानियों को मायूस किया है और स्थानीय लोगों की चिंता भी बढ़ा दी है।

सात जिलों में कोहरे का अलर्ट

हिमाचल प्रदेश इन दिनों शुष्क मौसम और तीखी ठंड के दोहरे प्रहार से जूझ रहा है। ऊंचे और जनजातीय इलाकों में तापमान शून्य से नीचे चला गया है, जबकि निचले और मैदानी जिलों में घने कोहरे ने सुबह और शाम की रफ्तार थाम दी है। बारिश और बर्फबारी के अभाव में सूखी ठंड लोगों को ज्यादा परेशान कर रही है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में देव आस्था पर प्रहार! युवक ने जबरन खोल दिए बिजली महादेव मंदिर के बंद कपाट

 

मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश के सात जिलों में मैदानी और निचले इलाकों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, सोलन और सिरमौर जिलों में येलो और ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। खासतौर पर बिलासपुर के भाखड़ा बांध जलाशय क्षेत्र में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां दृश्यता बेहद कम रहने की आशंका है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : पढ़ाई ने छीन लिया परिवार का इकलौता बेटा, 10वीं में फेल होने पर गले लगाई...

पहाड़ों में माइनस तापमान, जम गए जलस्रोत

जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में ठंड ने सबसे ज्यादा असर दिखाया है। कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 6.2 डिग्री सेल्सियस और ताबो में माइनस 4.7 डिग्री दर्ज किया गया, जिससे कई जलस्रोत जम गए हैं। इसके अलावा कल्पा में पारा माइनस 0.6 डिग्री तक पहुंच गया। मनाली में न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री, सोलन में 2.4 डिग्री और पालमपुर में 3.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। राजधानी शिमला में न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री रहा, जिसमें बीते 24 घंटों के दौरान गिरावट दर्ज की गई।

दो दिन बर्फबारी के आसार

मौसम विभाग के अनुसार 28 और 29 दिसंबर को ऊंचे पर्वतीय इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना है, लेकिन शिमला और मनाली जैसे प्रमुख हिल स्टेशनों में अगले एक हफ्ते तक बर्फबारी के कोई आसार नहीं हैं। दिसंबर का महीना लगभग खत्म होने को है, बावजूद इसके अब तक सीजन की पहली बर्फबारी नहीं हुई है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : गांव की बेटी ने UPSC परीक्षा में मारी बाजी, अब बनेगी बड़ी अफसर; CM सुक्खू ने दी बधाई

व्हाइट क्रिसमस की टूटी उम्मीद

शिमला, कुफरी और मनाली में क्रिसमस पर बर्फ देखने की आस लेकर पहुंचे पर्यटकों को इस बार भी निराशा हाथ लगी है। व्हाइट क्रिसमस का सपना टूटने के बाद शिमला में पर्यटकों को लुभाने के लिए नकली बर्फ के फाहों की व्यवस्था की गई है। माल रोड पर सैलानी इनसे तस्वीरें तो खिंचवा रहे हैं, लेकिन उनका कहना है कि असली बर्फ का एहसास नकली इंतजाम से नहीं मिल सकता।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : बच्चों को पोलियो पिलाने जा रही थी हर्षा, पैर फिसलने से खाई में गिरी बेचारी- त्यागे प्राण

2016 के बाद नहीं दिखा व्हाइट क्रिसमस

शिमला में साल 2016 में 25 दिसंबर को करीब 30 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई थी, जिसके बाद से अब तक पर्यटकों को व्हाइट क्रिसमस देखने का मौका नहीं मिला। बीते कई वर्षों से बदलते मौसम के चलते दिसंबर में बर्फबारी लगातार कम होती जा रही है। इस साल भी दिसंबर बीतने को है, लेकिन आसमान से एक भी बर्फ का फाहा नहीं गिरा।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख