#यूटिलिटी

September 15, 2026

हिमाचल में विदाई से पहले मानसून का रौद्र रूप: 9 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, सावधान रहें लोग

हिमाचल में 18 सितंबर से कमजोर पड़ेगा मानूसन

शेयर करें:

Rain alert

शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून विदा होने से पहले एक बार फिर अपना रौद्र रूप दिखा रहा है। मंगलवार सुबह से ही राजधानी शिमला समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आसमान पर घने काले बादल छाए रहे। कई क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी रहा, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग ने प्रदेश के 9 जिलों में अगले तीन घंटे तक बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

 

मौसम विभाग के अनुसार चंबा, कांगड़ा, ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर में कई स्थानों पर बारिश हो सकती है, जबकि मंडी, कुल्लू, शिमला और सिरमौर में एक-दो जगह तेज बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि, फिलहाल किसी भी जिले के लिए भारी बारिश का रेड या ऑरेंज अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल की शर्तों पर किशाऊ बांध का MOU, सीएम सुक्खू बोले- बिना निवेश होगी 600 करोड़ की कमाई

सुबह से काले बादलों का डेरा, कई इलाकों में बारिश

राजधानी शिमला सहित प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मंगलवार सुबह मौसम ने करवट ली। आसमान में घने बादल छाए रहने के कारण दिन की शुरुआत से ही बारिश की संभावना बनी रही। कई क्षेत्रों में रुक-रुककर बारिश हुई, जबकि कुछ स्थानों पर तेज बौछारें भी पड़ीं। मौसम के इस बदले मिजाज का असर तापमान पर भी दिखाई देगा। अगले 72 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश शहरों के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है।

17 सितंबर तक सक्रिय रहेगा बारिश का दौर

मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान जताया है। 17 सितंबर तक हिमाचल के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश हो सकती है।

हालांकि राहत की बात यह है कि फिलहाल प्रदेश में अत्यधिक भारी बारिश जैसी स्थिति का अलर्ट नहीं है। इसके बावजूद स्थानीय स्तर पर तेज बारिश होने की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल की सड़कें होंगी चकाचक, विक्रमादित्य सिंह का विभाग दो माह में 2500 KM सड़कों की बदलेगा तस्वीर

18 सितंबर से कमजोर पड़ने लगेगा मानसून

मौसम विज्ञानी संदीप शर्मा के अनुसार 18 सितंबर से हिमाचल में मानसून कमजोर पड़ना शुरू हो सकता है। इसके बाद ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम साफ रहने या हल्के बादल छाए रहने की संभावना है। हालांकि, अभी प्रदेश से मानसून की वापसी के संकेत नहीं मिले हैं। सामान्य तौर पर हिमाचल में मानसून की वापसी 25 सितंबर के आसपास शुरू होती है। ऐसे में आने वाले दिनों में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना है।

धर्मशाला में 60 MM बारिश, सुंदरनगर-बिलासपुर भी भीगे

सोमवार रात प्रदेश के कई हिस्सों में जमकर बारिश हुई। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक धर्मशाला में सबसे ज्यादा 60.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा सुंदरनगर में 28.5 मिलीमीटर और बिलासपुर में 23.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। रात की बारिश के बाद मंगलवार को भी कई इलाकों में बादल छाए रहे और बारिश का सिलसिला जारी रहा।

 

यह भी पढ़ें : IGMC में प्रेग्नेंट महिला की मौ**त- KNH से हुई थी रेफर, 7 माह के शिशु ने भी गर्भ में तोड़ा दम

इस बार सामान्य से 11 फीसदी कम बरसे बादल

भले ही इस समय प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हो रही हो, लेकिन पूरे मानसून सीजन की तस्वीर कुछ अलग है। 1 जून से 14 सितंबर तक हिमाचल में सामान्य से 11 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि में प्रदेश में सामान्य बारिश 682.4 मिलीमीटर मानी जाती है, जबकि इस बार अब तक 605.9 मिलीमीटर बारिश हुई है। किन्नौर, कुल्लू, शिमला और सिरमौर को छोड़कर प्रदेश के बाकी सभी जिलों में सामान्य से कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : 22 हजार की रिश्वत लेते पकड़ा अफसर- वन विभाग ने किया सस्पेंड, अब जेल में कटेगी उम्र

बारिश-बाढ़ और भूस्खलन ने पहुंचाया 1683 करोड़ का नुकसान

इस मानसून सीजन में बारिश के साथ आई बाढ़ और भूस्खलन ने हिमाचल में भारी तबाही मचाई है। सरकारी और निजी संपत्ति को अब तक करीब 1,683 करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है। बारिश और प्राकृतिक आपदाओं के कारण 129 मकान पूरी तरह जमींदोज हो चुके हैं, जबकि 502 घरों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। कई जगह सड़कों, पुलों और अन्य बुनियादी ढांचे को भी नुकसान हुआ है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : 6 साल के शिवाक्ष का गजब कारनामा- 195 देशों के झंडे याद कर बनाया रिकॉर्ड

मानसून में 303 लोगों की मौत, सड़क हादसे सबसे बड़ा कारण

इस मानसून सीजन में विभिन्न हादसों में अब तक 303 लोगों की जान जा चुकी है। इनमें सबसे अधिक 180 मौतें सड़क हादसों में हुई हैं। इसके अलावा भूस्खलन से 18 लोगों की मौत हुई, जबकि पानी में डूबने से 17 लोगों ने जान गंवाई। फ्लैश फ्लड में भी एक व्यक्ति की मौत दर्ज की गई है।

विदाई से पहले मौसम का आखिरी बड़ा दौर

मानसून की संभावित वापसी में अभी कुछ दिन बाकी हैं, लेकिन उससे पहले प्रदेश में बारिश का एक और दौर सक्रिय है। शिमला से लेकर कांगड़ा, चंबा, मंडी और ऊना तक बादलों ने फिर डेरा डाल दिया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिन प्रदेश में बारिश और बादलों का असर बना रहेगा। इसके बाद 18 सितंबर से मानसून कमजोर पड़ने के साथ मौसम के धीरे-धीरे साफ होने की उम्मीद है। ऐसे में हिमाचल में मानसून की विदाई से पहले होने वाली यह बारिश आने वाले दिनों में मौसम का रुख तय करने में अहम साबित हो सकती है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख