#यूटिलिटी
May 27, 2025
हिमाचल में बारिश, ओलावृष्टि के साथ चलेगा तेज अंधड़, 2 दिन ऑरेंज अलर्ट पर रहेंगे ये 6 जिला
60 किलोमीटर की रफ्तार से चलेगा अंधड़, पहली जून तक आसमान से बरसेगी आफत
शेयर करें:
शिमला। हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से मौसम कई रंग बदल रहा है। कभी भीषण गर्मी पड़ रही है, तो कभी बारिश के साथ तेज अंधड़ और ओलावृष्टि लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है। इस सब के बीच अब मौसम विभाग ने आज और कल दो दिन का बारिश के साथ तूफान और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। यह चेतावनी प्रदेश के छह जिलों के लिए जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश आज मंगलवार और बुधवार को प्रदेश के कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला सोलन और सिरमौर जिला में मौसम खराब बना रहेगा। इस दौरान तेज बारिश के साथ 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तूफान चल सकता है। वहीं ओलावृष्टि का भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में विभाग ने लोगों को एहतियात बरतने को कहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में आज से एंबुलेंस सेवा बंद! मरीजों को झेलनी पड़ेगी परेशानी- जानिए क्या है पूरा मामला
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में पहली जून तक मौसम खराब बना रहेगा। 30 मई को प्रदेश में एक बार फिर से वेस्टर्न डिस्टरबेंस ज्यादा एक्टिव रहेगा। इससे 30 और 31 मई को ज्यादातर भागों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। एक जून को भी ज्यादातर भागों में मौसम खराब रहेगा। हालांकि पिछले 24 घंटों में ज्यादातर हिस्सों में मौसम साफ बना रहा, जिससे तापमान में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई।
मौसम विभाग की मानें तो इस बार मानसून भी समय से पहले प्रदेश में दस्तक दे सकता है। माना जा रहा है कि 10 से 15 जून के बीच में इस बार प्री मानसून और 20 जून के आसपास दक्षिण-पश्चिम मानसून हिमाचल प्रदेश में प्रवेश कर सकता है। इस बार मौसम विभाग ने मानसून सीजन में सामान्य बारिश होने के भी संकेत दिए हैं।
बता दें कि मई महीने में जहां भारी गर्मी पड़ती है। वहीं इस बार मई महीने में हिमाचल के कई स्थानों पर बर्फबारी हो रही है। पिछले 24 घंटों में लाहौल की पहाड़ियों पर बर्फबारी हुई है। इसी तरह से कुल्लू, मनाली, सिस्सू और अटल टनल के दोनों छोर पर बारिश का दौर जारी रहा। बर्फबारी और बारिश से लाहौल स्पीति, कुल्लू के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।
हिमाचल के कूल कूल मौसम के चलते ही प्रदेश में सैलानियों की भीड़ भी बढ़ने लगी है। प्रदेश के शिमला, कुल्लू मनाली सहित अन्य क्षेत्रों में इस समय भारी संख्या में सैलानी पहुंच रहे हैं। वहीं यह सैलानी रोहतांग दर्रा का भी रूख कर रहे हैं। यहां की बर्फ की दीवारें उन्हें अपनी ओर आकृर्षित कर रही है। प्रदेश में पर्यटकों की संख्या बढ़ने से अब पर्यटन कारोबारियों के चेहरों पर भी रौनक लौट आई है।
बता दें कि पिछले दो साल में हिमाचल में बरसात के मौसम में भारी जलप्रलय हुई है। साल 2023 में आई जलप्रलय में तो सैंकड़ों लोगों की जान चली गई थी, वहीं करोड़ों की संपत्ति का सरकार को नुकसान हुआ था। यही हाल साल 2024 में भी हुआ था। इस दौरान समेज जैसे गांव पूरी तरह से नष्ट हो गए थे। अब जैसे जैसे हिमाचल में बरसात का मौसम नजदीक आ रहा है, लोगों के जहन डर का माहौल पैदा हो रहा है।