#यूटिलिटी
March 13, 2026
हिमाचल में फिर बिगड़ेगा मौसम: पांच दिन बारिश-बर्फबारी का अलर्ट, आज यहां गिरे बर्फ के फाहे
आज ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हुई ताजा बर्फबारी, पर्यटकों ने जमकर की मस्ती
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में इन दिनों मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। जहां एक तरफ ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी से ठंड का असर फिर बढ़ गया है, वहीं दूसरी ओर मैदानी जिलों में तापमान लगातार ऊपर चढ़ रहा है और गर्मी का अहसास होने लगा है।
लाहौल-स्पीति जिले के ऊंचे दर्रों और चोटियों पर शुक्रवार शाम को हल्की से मध्यम बर्फबारी दर्ज की गई। रोहतांग, कुंजम, बारालाचा और शिंकुला जैसे प्रमुख दर्रों में गिरी ताजा बर्फ से पूरे इलाके में ठंडक बढ़ गई है। घाटी के कई हिस्सों में दिनभर बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं चलती रहीं, जिससे मौसम सुहावना बना रहा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल बोर्ड परीक्षा में गुरुजी का कारनामा : छात्रों को लिखवा रहे थे जवाब, विभाग ने रद्द किया एग्जाम सेंटर
इसके विपरीत प्रदेश के निचले और मैदानी जिलों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है। ऊना में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे लोगों को गर्मी महसूस होने लगी है। कांगड़ा, मंडी और सोलन जिलों में भी दिन के समय तेज धूप के कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को राज्य के अधिकतर क्षेत्रों में मौसम साफ रहने की संभावना है। हालांकि कांगड़ा, मंडी और सोलन के कुछ हिस्सों में गर्म हवाएं चलने की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
यह भी पढ़ें : केंद्र ने 294 नई सड़क निर्माण को मंजूर की करोड़ों की राशि, विक्रमादित्य के विभाग ने शुरू की प्रक्रिया
उधर लाहौल घाटी में पर्यटन गतिविधियां भी सामान्य बनी हुई हैं। अटल टनल रोहतांग, सिस्सू, केलांग, दारचा, उदयपुर और त्रिलोकनाथ जैसे क्षेत्रों में यातायात सुचारु रहा। बादलों और बर्फीले मौसम के बीच सैलानियों ने अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल और सिस्सू के आसपास बर्फ का आनंद लिया और एडवेंचर गतिविधियों का लुत्फ उठाया।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। रविवार से प्रदेश में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसके प्रभाव से 15 से 19 मार्च के बीच कई जिलों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिरने और मध्यम व निचले क्षेत्रों में बारिश होने का अनुमान जताया गया है।
यह भी पढ़ें : समय पर नहीं पहुंची नई HRTC बसें : कंपनी को लेट-लतीफी पड़ी महंगी, 42 करोड़ का लगेगा फटका
इसके अलावा 15 और 16 मार्च को प्रदेश के कुछ जिलों में तेज हवाओं और ओलावृष्टि की भी आशंका है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। मौसम में इस बदलाव से जहां पहाड़ों पर ठंड और बढ़ेगी, वहीं मैदानी क्षेत्रों को भी बढ़ती गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।