#राजनीति
March 13, 2026
केंद्र ने 294 नई सड़क निर्माण को मंजूर की करोड़ों की राशि, विक्रमादित्य के विभाग ने शुरू की प्रक्रिया
हिमाचल के ग्रामीण इलाकों में बिछेगा सड़कों का जाल
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क निर्माण के लिए केंद्र की मोदी सरकार ने करोड़ों की राशि मंजूर की है। यह राशि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चरण 4 के तहत मंजूर की गई है। केंद्र सरकार की इस राशि से हिमाचल में 1538 किलोमीटर लंबाई की सड़कों का निर्माण किया जाएगा। जिसके तहत कुल 294 सड़कें बनाई जाएंगी। केंद्र से धनराशि मिलने के बाद अब हिमाचल सरकार ने इस ओर कार्य बढ़ा दिया है। मंत्री विक्रमादित्य सिंह के लोक निर्माण विभाग ने इन सड़कों के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है।
बता दें कि पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में सड़क संपर्क को मजबूत बनाने के लिए केंद्र की मोदी सरकार ने 294 नई सड़कों के निर्माण और विस्तार के लिए लगभग 2247 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की है। इन परियोजनाओं के जरिए प्रदेश के दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों तक सड़क सुविधा पहुंचाने की तैयारी शुरू हो गई है।
यह भी पढ़ें : समय पर नहीं पहुंची नई HRTC बसें : कंपनी को लेट-लतीफी पड़ी महंगी, 42 करोड़ का लगेगा फटका
यह काम प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण के तहत किया जा रहा है। इस चरण में प्रदेश भर में करीब 1538 किलोमीटर लंबाई की सड़कों का निर्माण और सुधार किया जाएगा। योजना का मुख्य उद्देश्य उन गांवों और बस्तियों तक पक्की सड़क पहुंचाना है, जहां आज तक लोगों को आवागमन के लिए कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है।
प्रदेश सरकार के अनुसार इस योजना के माध्यम से लगभग 250 नई बस्तियों को पहली बार पक्की सड़क से जोड़ा जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को शिक्षाए स्वास्थ्य और अन्य जरूरी सुविधाओं तक पहुंचने में बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही किसानों और स्थानीय लोगों के लिए बाजारों तक पहुंच आसान होने से आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
केंद्र से मंजूरी मिलने के बाद अब प्रदेश सरकार ने इन परियोजनाओं को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया तेज कर दी है। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह के नेतृत्व में लोक निर्माण विभाग ने इन सड़कों के निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिए हैं। विभाग का कहना है कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य तेजी से शुरू किया जाएगा।
इन सड़कों को नई और उन्नत तकनीक के साथ बनाया जाएगाए ताकि पहाड़ी क्षेत्रों की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में भी सड़कें लंबे समय तक सुरक्षित और टिकाऊ बनी रहें। विशेष रूप से भूस्खलन और भारी वर्षा वाले क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए मजबूत आधार और बेहतर जल निकासी व्यवस्था का भी प्रावधान किया जाएगा।
यह भी पढ़ें : दिल्ली में गूंजी हिमाचल की आवाज: विक्रमादित्य ने केंद्र से मांगाी पहाड़ी राज्य के लिए 'पहाड़' जैसी मदद
प्रदेश में इससे पहले भी इस योजना के विभिन्न चरणों के तहत हजारों किलोमीटर सड़कों का निर्माण हो चुका हैए जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की तस्वीर काफी बदली है। अब चौथे चरण के शुरू होने से हिमाचल के कई और दूरस्थ गांव मुख्य सड़क नेटवर्क से जुड़ जाएंगे। हिमाचल के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत 294 नई सड़कों के निर्माण की राशि मंजूर करने के लिए केंद्र सरकार का आभार जताया है।