#अपराध
March 13, 2026
हिमाचल बोर्ड परीक्षा में गुरुजी का कारनामा : छात्रों को लिखवा रहे थे जवाब, विभाग ने रद्द किया एग्जाम सेंटर
बोर्ड परीक्षाओं के दौरान प्राप्त हुई थी शिकायत
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं के दौरान सामूहिक नकल का एक और मामला सामने आने से शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। चंबा के बाद अब कांगड़ा जिले के जवाली में बने एक परीक्षा केंद्र में गंभीर अनियमितताओं की शिकायत मिलने पर बोर्ड ने सख्त कदम उठाते हुए उस परीक्षा केंद्र को ही रद्द कर दिया है।
मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें परीक्षा हॉल के अंदर एक शिक्षक विद्यार्थियों को बहुविकल्पीय प्रश्नों के उत्तर बोलकर बताते हुए दिखाई दे रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद शिक्षा बोर्ड ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए।
यह भी पढ़ें : केंद्र ने 294 नई सड़क निर्माण को मंजूर की करोड़ों की राशि, विक्रमादित्य के विभाग ने शुरू की प्रक्रिया
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉक्टर राजेश शर्मा ने बताया कि, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जवाली में चल रही बोर्ड परीक्षाओं के दौरान गड़बड़ियों की शिकायत बोर्ड को प्राप्त हुई थी। शिकायत के साथ कुछ वीडियो क्लिप भी बोर्ड मुख्यालय तक पहुंचाई गई थीं, जिनमें परीक्षा के दौरान नियमों का उल्लंघन होता दिखाई दे रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बोर्ड ने पूरे प्रकरण की जांच SDM को सौंप दी है। साथ ही SDM को निर्देश दिए गए हैं कि वह जल्द से जल्द पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट शिक्षा बोर्ड मुख्यालय को सौंपें। बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि परीक्षा में नकल जैसी घटनाएं उन विद्यार्थियों के साथ अन्याय हैं जो ईमानदारी से परीक्षा देते हैं।
यह भी पढ़ें : समय पर नहीं पहुंची नई HRTC बसें : कंपनी को लेट-लतीफी पड़ी महंगी, 42 करोड़ का लगेगा फटका
ऐसे मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बोर्ड ने तत्काल प्रभाव से जवाली के इस परीक्षा केंद्र को रद्द कर दिया है। अब इस केंद्र के सभी परीक्षार्थियों को अपनी बाकी की परीक्षाएं नजदीकी मटलाहड़ स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में देनी होंगी।
इसके अलावा परीक्षा केंद्र पर तैनात समन्वयक, केंद्र अधीक्षक और उप अधीक्षक के खिलाफ भी विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। बोर्ड ने इस संबंध में शिक्षा विभाग को पत्र लिखकर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।