#यूटिलिटी
March 25, 2025
हिमाचल में दो दिन बारिश-बर्फबारी का येलो अलर्ट, आंधी-तूफान भी मचाएगा कहर
हिमाचल के चार जिलों में बिजली गिरने की चेतावनी
शेयर करें:
शिमला। हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार आज मंगलवार की रात से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। जिसका असर कल बुधवार सुबह से देखने को मिलेगा। इस दौरान प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में दो दिन बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं प्रदेश के कई जिलों में आंधी तूफान भी जमकर कहर मचाएगा।
मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार प्रदेश के लाहौल स्पीति और किन्नौर जिला के कुछ क्षेत्रों में भारी बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन दोनों जिलों में मंगलवार रात से गुरुवार तक भारी बर्फबारी हो सकती है। इसके अलावा हिमाचल के चार जिला में तेज तूफान और आंधी के साथ बिजली गिरने का भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिला में तूफान के साथ बिजली गिरने की संभावना है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : सही जवाब देने पर टीचर ने मासूम को जड़ दिए थप्पड़- मां पहुंची थाने, मामला दर्ज
मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश के शिमला हमीरपुर, बिलासपुर और ऊना जिला में बुधवार सुबह से गुरुवार तक बारिश का पूर्वानुमान है। विभाग के अनुसार प्रदेश में 28 मार्च से मौसम साफ होने का अनुमान है। प्रदेश में मौसम के बदलाव और बर्फबारी के चलते अगले तीन.चार दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की कमी आएगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: ढाबा लूटकर 3 दिन आसपास ही घूमते रहे आरोपी, पुलिस पंजाब में छानती रही खाक
बता दें कि हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से मौसम साफ बना हुआ है। जिससे अधिकतम तापमान में भी बढ़ोतरी हो रही है। प्रदेश के सात शहरों का तापमान 30 डिग्री से अधिक हो गया है। वहीं कुछ शहरों का तापमान सामान्य से आठ डिग्री तक बढ़ा है।
हिमाचल प्रदेश में पल पल बदलते मौसम के चलते प्रदेश में सैलानियों की भी भरमार है। बाहरी राज्यों के सैंकड़ों सैलानी हिमाचल के पर्यटन स्थलों पर पहुंच रहे हैं। यह सैलानी जहां अटल टनल को पार कर बर्फ में अठखेलियां कर रहे हैं। वहीं प्रदेश के सुनहरे मौसम का आनंद ले रहे हैं। प्रदेश में सैलानियों की संख्या बढ़ने से पर्यटन कारोबारियों के चेहरे भी खिल गए हैं।