#यूटिलिटी

February 20, 2025

हिमाचल में कल भी खराब रहेगा मौसम: बारिश-बर्फबारी के साथ चलेगा तेज अंधड़, चेतावनी जारी

प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना

शेयर करें:

Atal Tanul Snowfall

शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार आज प्रदेश भर में बारिश के साथ बर्फबारी हुई है। प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सुबह से बर्फबारी हो रही है।  प्रदेश के चंबा, कुल्लू, शिमला, मंडी, किन्नौर, लाहौन स्पीति, कांगड़ा व सिरमौर जिले के ऊंचे इलाकों ने बर्फ की चादर ओढ़ ली है। राजधानी शिमला में भी बर्फ के फाहे गिरे, लेकिन सड़क पर गिरते ही यह गायब हो गए। इसके अलावा अटल टनल में भी सुबह से बर्फबारी का दौर जारी है। इस सब के बीच अब मौसम विभाग ने कल यानी 21 फरवरी को भी चेतावनी जारी कर दी है।

अगले छह दिन खराब रहेगा मौसम

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की मानें तो प्रदेश भर में अगले छह दिन मौसम खराब बना रहेगा। इससे तापमान में भी गिरावट आएगी। वहीं कल यानी 21 फरवरी को प्रदेश के सात जिला में अंधड़ चलने और तेज बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है। इस दौरान प्रदेश के चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, सोलन, ऊना में कुछ स्थानों पर अंधड़ के साथ तेज बारिश की संभावना जताई है। इसको देखते हुए लोगों के लिए विभाग की ओर से एडवाइजरी भी जारी की गई है। 

 

यह भी पढ़ें : किसे मिलेगी हिमाचल कांग्रेस की कमान ! अब डिप्टी सीएम ने की नई प्रभारी से मुलाकात

26 फरवरी को भी बारिश बर्फबारी

मौसम विभाग की मानें तो 21 और 22 फरवरी के अलावा 24 फरवरी को लाहौल.स्पीति, किन्नौर जिला सहित चंबा, कांगड़ा और कुल्लू के ऊंचे क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। 25 फरवरी को राज्य के कुछ स्थानों पर तथा 26 फरवरी को अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी की संभावना है। 23 फरवरी 2025 को मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में हर चौथे सड़क हाद*से के पीछे नशा,  ब्लड सैंपल के आधार पर पुलिस की रपट

बर्फबारी देख पर्यटकों के चेहरे खिले

वहीं हिमाचल में हुई ताजा बर्फबारी के बाद सैलानियों की संख्या में भी इजाफा होने लगा है। आज राजधानी शिमला के नारकंडा सहित मनाली में भी हल्की बर्फबारी हुई है। इसके अलावा  कुफरी, नारकंडा, मनाली, सोलंग नाला, डलहौजी और सिस्सू में अच्छी बर्फबारी हुई है। इससे इन जगह पर अगले कुछ दिन तक पर्यटक बर्फ देख सकेंगे। प्रदेश में बर्फबारी से सैलानियों के चेहरे खिल उठे हैं। हालांकि ज्यादा बर्फबारी से अटल टनल की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : मकान के लिए बजरी निकाल रहा था युवक, पहाड़ी के मलबे में दब गया बेचारा

विभाग ने जारी की एडवाइजरी

मौसम विभाग ने वेस्टर्न डिस्टरबेंस की सक्रियता को देखते हुए सैलानियों सहित स्थानीय लोगों को एडवाइजरी जारी की है। लोगों को अधिक ऊंचे क्षेत्रों में नहीं जानेए सावधानी बरतने, बर्फ वाली सड़क पर सावधानीपूर्वक गाड़ी चलाने को कहा गया है।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख