#यूटिलिटी

August 8, 2026

हिमाचल में आज से भारी बारिश : अलर्ट पर तीन जिले, सतर्क रहने की एडवाइजरी जारी

नदी-नालों और भूस्खलन वाले इलाकों से दूर रहने की सलाह

शेयर करें:

Himachal Pradesh Weather

शिमला। हिमाचल प्रदेश में आज और कल मानसून थोड़ा कमजोर रहने वाला है। हालांकि इसके बाद मौसम फिर करवट लेगा। मौसम विभाग के मुताबिक 10 और 11 अगस्त को प्रदेश के कई हिस्सों में बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसे देखते हुए कुछ जिलों में ऑरेंज अलर्ट और बाकी जगहों पर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

10 अगस्त को कांगड़ा-सिरमौर, 11 अगस्त को इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने 10 अगस्त को कांगड़ा और सिरमौर जिले में बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं 11 अगस्त को चंबा, मंडी, कुल्लू और सिरमौर में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। बाकी जिलों में भी मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है, जिसके लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

नदी-नालों और भूस्खलन वाले इलाकों से दूर रहने की सलाह

मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों के लोगों और पर्यटकों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। लोगों को नदी-नालों के पास जाने से बचने और ऐसे इलाकों से दूर रहने को कहा गया है, जहां भूस्खलन का खतरा बना रहता है। बारिश के दौरान बेवजह यात्रा करने से भी बचने की सलाह दी गई है।

13 अगस्त तक जारी रह सकती है बारिश

मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल में 13 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। अगले 48 घंटों में कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। आज कांगड़ा, मंडी और सिरमौर में तेज बारिश का यलो अलर्ट है। वहीं कल ऊना, कांगड़ा, मंडी और सिरमौर में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में ढेर सारे चिट्टे संग 'SINGH' साहब गिरफ्तार : टीवी के स्पीकर में छिपाई थी खेप

बारिश के बाद तापमान में भी आई भारी गिरावट

प्रदेश में पिछले तीन-चार दिनों से हो रही बारिश का असर तापमान पर भी पड़ा है। लगातार बारिश के कारण हिमाचल का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया है। यानी लोगों को इन दिनों गर्मी से काफी राहत मिली है और कई इलाकों में मौसम ठंडा हो गया है।

केलांग में सबसे ज्यादा गिरा पारा, तापमान 16.1 डिग्री

केलांग में तापमान में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई है। यहां अधिकतम तापमान सामान्य से 8.7 डिग्री कम होकर 16.1 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। इसके अलावा भुंतर में तापमान 6.5 डिग्री गिरकर 24.8 डिग्री, चंबा में 5.9 डिग्री की गिरावट के बाद 26.9 डिग्री और मनाली में 5.8 डिग्री की गिरावट के बाद तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल पुलिस कांस्टेबल भर्ती : EWS नियमों में बड़ा बदलाव, आरक्षण से ट्रेनी बाहर

मानसून सीजन में अब तक सामान्य से 6 फीसदी कम बारिश

हिमाचल में इस मानसून सीजन में अभी तक सामान्य से 6 फीसदी कम बारिश हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक 1 जून से 7 अगस्त तक प्रदेश में सामान्य तौर पर 425.4 मिलीमीटर बारिश होती है, लेकिन इस बार 400.1 मिलीमीटर बारिश ही रिकॉर्ड की गई है।

हमीरपुर और लाहौल-स्पीति में बारिश की सबसे ज्यादा कमी

इस मानसून सीजन में कई जिलों में सामान्य से काफी कम बारिश हुई है। हमीरपुर में सामान्य से 43 फीसदी, लाहौल-स्पीति में 52 फीसदी, मंडी में 23 फीसदी और कांगड़ा में 14 फीसदी कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। सोलन में भी सामान्य से 3 फीसदी कम बारिश हुई है।

यह भी पढ़ें- CM सुक्खू ने अपने चहेतों को बांटे सरकारी बंगले...हाईकोर्ट ने लगाई फटकार, मांगा जवाब

इन जिलों में सामान्य से ज्यादा बरसे बादल

वहीं कुछ जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश भी हुई है। बिलासपुर में सामान्य से 1 फीसदी, चंबा में 9 फीसदी, किन्नौर में 32 फीसदी, कुल्लू में 27 फीसदी, शिमला में 25 फीसदी, सिरमौर में 8 फीसदी और ऊना में 9 फीसदी ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख