#यूटिलिटी
June 13, 2026
हिमाचल मौसम : 10 जिलों के लिए आंधी-तूफान का अलर्ट जारी, जानें कब तक आसमान से बरसेगी आफत
40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं तेज हवाएं
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने एक बार फिर चेतावनी जारी की है। राज्य के कई हिस्सों में लगातार बारिश के बीच मौसम विभाग ने आज 10 जिलों में यलो अलर्ट घोषित किया है। इसके तहत भारी बारिश, बिजली गिरने और तेज आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश के 10 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इनमें शिमला, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा, चंबा, सोलन, सिरमौर, बिलासपुर, हमीरपुर और ऊना शामिल हैं। इन सभी जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश, बिजली गिरने और आंधी-तूफान की स्थिति बनने की संभावना जताई गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि मौसम किसी भी समय और ज्यादा खराब हो सकता है, इसलिए सतर्क रहने की जरूरत है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : तेज रफ्तार थार का कहर, स्कूटी को टक्कर मार दुकान में जा घुसी, 26 वर्षीय युवक के निकले प्राण
मौसम विभाग के अनुसार इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। अचानक तेज हवा चलने से पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति प्रभावित होने और कच्चे ढांचे को नुकसान पहुंचने का खतरा भी बना रह सकता है। वहीं किन्नौर और लाहौल-स्पीति जैसे जनजातीय क्षेत्रों में भी तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।
प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। खासकर मध्य और निचले पहाड़ी इलाकों में मौसम अधिक अस्थिर रह सकता है और कहीं-कहीं आंधी-तूफान जैसी स्थिति भी बन सकती है। लगातार बदलते मौसम को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया है कि प्रदेश में 18 जून तक मौसम खराब रहने के आसार हैं। इस दौरान रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी और कई क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना भी बनी रहेगी। लंबे समय तक खराब मौसम के कारण जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
हाल ही में हुई बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के चलते तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई है। कई स्थानों पर दिन के तापमान में करीब 11 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आई है। इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। वहीं मौसम सुहावना होने से शिमला, मनाली और अन्य पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की रौनक बढ़ गई है और लोग ठंडे व खुशनुमा मौसम का आनंद ले रहे हैं।