#यूटिलिटी
June 10, 2026
हिमाचल में गर्मी के बीच तेज बारिश का अलर्ट जारी : कई जिलों में आएगा तूफान, ओले भी बरसेंगे
पर्यटन स्थलों पर मौसम काफी सुहावना बना हुआ है
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश के मैदानी इलाकों में बुधवार को गर्मी का असर और बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग (आईएमडी) ने ऊना, बिलासपुर और सोलन जिले के निचले क्षेत्रों के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया है।
अनुमान है कि प्रदेश के मैदानी इलाकों के तापमान में आज एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। हालांकि लोगों को ज्यादा दिनों तक गर्मी का सामना नहीं करना पड़ेगा, क्योंकि आज रात से मौसम करवट लेने वाला है।
मौसम विभाग के अनुसार, एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो रहा है, जिसका प्रभाव 15 जून तक प्रदेश में देखने को मिलेगा। इसके चलते गुरुवार और शुक्रवार को कई जिलों में तेज बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में भारी ओलावृष्टि और तेज तूफान की आशंका जताई गई है, जिससे बागवानों और किसानों की फसलों को नुकसान पहुंच सकता है।
इसके अलावा लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर प्रदेश के अन्य सभी जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान कई स्थानों पर 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि 15 जून तक प्रदेश में मौसम खराब बना रहेगा, जिससे तापमान में दो से तीन डिग्री तक गिरावट आ सकती है और पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम सुहावना बना रहेगा।
मंगलवार को प्रदेशभर में दिनभर तेज धूप खिली रही, जिसके कारण तापमान में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई। प्रदेश के 11 शहरों का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया।
ऊना सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान सामान्य से 3.9 डिग्री अधिक 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा हमीरपुर के नेरी में 39.1 डिग्री, कांगड़ा में 38.8 डिग्री, जबकि मंडी और बिलासपुर में तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आज हीटवेव के प्रभाव से कई क्षेत्रों के तापमान में एक से दो डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है।
मैदानी क्षेत्रों में जहां लोग गर्मी से परेशान हैं, वहीं हिमाचल के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर मौसम अभी भी काफी सुहावना बना हुआ है। शिमला में अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री, मनाली में 27.2 डिग्री और कुफरी में 23.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं, लाहौल-स्पीति के अधिकांश पर्यटन स्थलों पर इन दिनों तापमान 5 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जिससे यहां पहुंच रहे पर्यटक ठंडे और खुशनुमा मौसम का आनंद ले रहे हैं।