#हादसा
June 9, 2026
हिमाचल: बाइक-स्कूटी में हुई जोरदार टक्कर, 12 वर्षीय भांजे की आंखों के सामने मामा की मौ*त
ग्रामीणों ने अस्पताल में किया हंगामा, दूसरे वाहन चालक की मांगी गिरफ्तारी
शेयर करें:

नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे कई परिवारों की खुशियां छीन रहे हैं। ताजा मामला कांगड़ा जिले के नगरोटा बगवां क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। सबसे मार्मिक पहलू यह रहा कि 12 वर्षीय भांजे की आंखों के सामने उसके मामा ने दम तोड़ दिया। कुछ देर पहले तक दोनों एक साथ घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
जानकारी के अनुसार मस्सल क्षेत्र निवासी करीब 40 वर्षीय सतीश अपने 12 वर्षीय भांजे के साथ दोपहिया वाहन पर घर लौट रहे थे। जैसे ही वे नगरोटा बगवां-मस्सल मार्ग पर स्थित एक निजी स्कूल के समीप पहुंचे, तभी उनकी बाइक की दूसरे दोपहिया वाहन से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े।
यह भी पढ़ें : सीएम सुक्खू चले दिल्ली, PM मोदी के टेबल पर रखेंगे हिमाचल की 4 बड़ी मांगें; बदलेगी सूबे की तकदीर?
स्थानीय लोगों ने घायल मामा-भांजे को तुरंत सिविल अस्पताल नगरोटा बगवां पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद सतीश को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल 12 वर्षीय बच्चे को प्राथमिक उपचार के बाद डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा रेफर कर दिया गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: 30 वर्षीय युवक ने BBMB नहर में लगा दी छलांग !, एक दिन पहले घर से हुआ था गायब
दुर्घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल परिसर में शोक और आक्रोश दोनों का माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने पुलिस से मांग की कि दुर्घटना में शामिल दूसरे वाहन चालक के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए और उसका मेडिकल परीक्षण करवाया जाए। लोगों का आरोप था कि मामले में त्वरित कार्रवाई होनी चाहिए ताकि हादसे के असली कारण सामने आ सकें।
यह भी पढ़ें : सीएम सुक्खू का बड़ा बयान : बोले- नशे की चपेट में आए युवा अपराधी नहीं, उन्हें उपचार की जरूरत
जब पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया के तहत शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज टांडा भेजने की तैयारी शुरू की तो कुछ ग्रामीणों ने विरोध जताया। उनका कहना था कि जब तक दूसरे वाहन चालक के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं होती, तब तक प्रशासन को मामले में स्पष्ट जानकारी देनी चाहिए। स्थिति को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय विधायक एवं हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आरएस बाली भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और पुलिस अधिकारियों को मामले की निष्पक्ष एवं शीघ्र जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।