#अव्यवस्था
June 10, 2026
हिमाचल के सरकारी अस्पताल में मरीजों को परोसी फफूंद लगी ब्रेड- वीडियो वायरल, ठेकेदार सस्पेंड
युवती ने वीडियो बना कर सोशल मीडिया पर की वायरल
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के ज्वालामुखी सिविल अस्पताल में भर्ती मरीजों को मंगलवार सुबह नाश्ते में कथित तौर पर फफूंद लगी ब्रेड परोसे जाने का मामला सामने आया है। घटना का खुलासा उस समय हुआ, जब एक मरीज की तीमारदार युवती ने ब्रेड की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं।
युवती ने उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया और मीडिया के साथ साझा किया। वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली और मरीजों को उपलब्ध कराए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
वीडियो में मरीजों के लिए वितरित की गई ब्रेड पर फफूंद जैसी परत दिखाई दे रही है। इसके बाद मरीजों और उनके परिजनों में नाराजगी देखी गई। जानकारी के अनुसार, घटना के समय अस्पताल में करीब आठ से दस मरीज भर्ती थे और सभी को सुबह के नाश्ते में ब्रेड दी गई थी।
परिजनों का कहना है कि ब्रेड की गुणवत्ता संदिग्ध लगने पर उन्होंने तुरंत अस्पताल कर्मियों को इसकी जानकारी दी। राहत की बात यह रही कि किसी भी मरीज ने उक्त ब्रेड का सेवन नहीं किया। कुछ परिजनों ने प्रमाण के तौर पर ब्रेड के नमूने भी सुरक्षित रख लिए।
वीडियो बनाने वाली युवती ने आरोप लगाया कि खराब गुणवत्ता की ब्रेड मिलने के कारण उन्हें मरीजों के लिए बाहर से नाश्ते की व्यवस्था करनी पड़ी। सूत्रों के मुताबिक संबंधित ब्रेड की एक्सपायरी तिथि 13 जून अंकित थी।
मगर इसके बावजूद उसमें फफूंद लग चुकी थी। वीडियो वायरल होने के बाद यह आरोप भी सामने आए कि युवती पर वीडियो हटाने का दबाव बनाया गया, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
घटना के उजागर होने के बाद अस्पताल प्रशासन हरकत में आया और भोजन आपूर्ति करने वाले संबंधित ठेकेदार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। स्थानीय लोगों ने अस्पताल में मरीजों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता की नियमित जांच सुनिश्चित करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
अस्पताल के बीएमओ डॉ. पवन ने कहा कि मरीजों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि संबंधित ठेकेदार से जवाब तलब किया गया है और जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
विशेषज्ञों के अनुसार, यदि कोई व्यक्ति फफूंद लगी ब्रेड का सेवन कर ले तो उसे फूड पॉइजनिंग, पेट दर्द, उल्टी, दस्त, मतली, एलर्जी और सांस लेने में परेशानी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। कमजोर प्रतिरक्षा वाले मरीजों में यह संक्रमण गंभीर रूप भी ले सकता है। चूंकि अस्पताल में भर्ती मरीज पहले से ही अस्वस्थ होते हैं, इसलिए उनके लिए इस प्रकार का भोजन विशेष रूप से खतरनाक माना जाता है।