#यूटिलिटी
March 16, 2026
हिमाचल में बिगड़े मौसम के मिजाज : अटल टनल में फंसे दो हजार वाहन; गाड़ियों में काटी पूरी रात
बारिश और बर्फबारी ने बढ़ाई यात्रियों की दिक्कत
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में आमतौर पर मार्च महीने से गर्मी की शुरुआत होने लगती है, लेकिन इस बार मौसम ने अचानक करवट ले ली है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। तेज हवाओं और लगातार हो रही बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे एक बार फिर कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है। इसी बीच मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ होने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार 21 मार्च तक मौसम खराब रहेगा। इस दौरान कई इलाकों में बारिश बर्फबारी का दौर जारी रहेगा। आज सोमवार को भी प्रदेश के सभी जिलों में मौसम खराब रहने की संभावना है. वहीं, 17 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ कमजोर होगा, लेकिन 18 मार्च से 20 मार्च तक कई इलाकों में बारिश बर्फबारी की उम्मीद है. 21 मार्च को भी कुछ स्थानों पर मौसम खराब रहने का अनुमान है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : आधी रात को घर में हुआ धमाका, लपटों में फंसी बुजुर्ग महिला- नहीं बच सकी
जानकारी के अनुसार, प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति की लाहौल घाटी में कई जगह ताजा बर्फबारी हुई है। वहीं प्रसिद्ध अटल टनल रोहतांग के आसपास भी सुबह के समय बर्फबारी देखने को मिली। यहां पहुंचे पर्यटकों ने गिरती बर्फ का जमकर आनंद लिया और बर्फबारी के बीच फोटो व वीडियो भी बनाए।
हालांकि इस अचानक हुई बर्फबारी ने कई जगह लोगों की परेशानियां भी बढ़ा दीं। सड़कों पर बर्फ जमने और फिसलन बढ़ने के कारण करीब एक हजार से अधिक वाहन रास्तों में फंस गए। स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और फंसे हुए वाहनों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद वाहनों को सुरक्षित निकाला गया और यातायात को सामान्य किया गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में आफत का मौसम: ओलावृष्टि से बागवानों की फसल तबाह, 6 दिन नहीं मिलेगी राहत
रविवार को अटल टनल रोहतांग के साउथ पोर्टल के पास अचानक हुई भारी बर्फबारी ने हालात मुश्किल कर दिए। धुंधी और टनल के आसपास तेज़ी से गिरी बर्फ के कारण सड़क पर मोटी परत जम गईए जिससे लगभग दो हजार से ज्यादा वाहन रास्ते में फंस गए। फिसलन बढ़ने से कई गाड़ियों का संतुलन बिगड़ गया और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
हिमाचल प्रदेश के लाहौल‑स्पीति में बर्फबारी का आनंद लेने पहुंचे देशभर के हजारों पर्यटकों को इस स्थिति के कारण भारी परेशानी झेलनी पड़ी। ताज़ा बर्फबारी से सड़क बेहद फिसलन भरी हो गईए जिसके चलते करीब एक हजार पर्यटकों के वाहन पूरी रात सड़क खुलने का इंतजार करते हुए अटल टनल के आसपास फंसे रहे। हजारों पर्यटकों को गाड़ियों में रात काटनी पड़ी।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का गजब कमाल : बिना नल कनेक्शन लगाए थमा दिया 8321 रुपये बिल- उठा बवाल
उधर राजधानी शिमला सहित आसपास के कई इलाकों में भी मौसम खराब रहा। दिनभर आसमान में बादल छाए रहे और कई जगह तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हुई। बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। वहीं मंडी जिले में भी जमकर बारिश हुई, जिससे मौसम में ठंडक बढ़ गई।
इसके अलावा सुंदरनगर, भुंतर और बरठीं में अधिकतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश के कई हिस्सों में रातभर भी बारिश का सिलसिला जारी रहा। खासकर मंडी, कुल्लू और मनाली में रातभर बारिश होने से लोगों को एक बार फिर ठंड का सामना करना पड़ रहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : सीढ़ियां उतरते गिरे प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष, थमी सांसें- परिजनों ने जताया संदेह
वहीं लाहौल-स्पीति में ताजा बर्फबारी के बाद तापमान में काफी गिरावट आई है। यहां ताबो में सबसे कम न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। दूसरी ओर नाहन में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।