#यूटिलिटी
October 5, 2025
सुक्खू सरकार का किसानों को तोहफा- अब दूध बेचने पर मिलेगा ज्यादा मुनाफा, जानें डिटेल
अर्की में लगेगी मिल्क प्रोसेसिंग यूनिट
शेयर करें:

सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने योजनाओं का शुभारंभ किया। इसमें दूध प्रोत्साहन योजना और परिवहन अनुदान योजना शामिल थी। इस योजना के तहत सोलन व बिलासपुर जिलों के 8000 पशु पालकों को जुलाई व अगस्त महीने की 3.04 करोड़ की राशि डीबीटी के जरिए सीधे खातों में वितरित की गई।
अब दूध प्रोत्साहन योजना के तहत निजी दुग्ध समितियों से जुड़े किसानों को 3 रूपये प्रति लीटर की दर से प्रोत्साहन राशि मिलनी शुरू हो गई। ये राशि डीबीटी के जरिए सीधे किसानों के खाते में जाएगी जिसकी जानकारी उन्हें मैसेज से दी जाएगी।
वहीं दूध सोसाइटियों को मिलने वाला परिवहन अनुदान अब 1.50 रूपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 3 रूपये प्रति लीटर कर दिया गया है। किसानों को इन योजनाओं से हर साल 18.24 करोड़ रुपये के वित्तीय लाभ मिलेंगे।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने अर्की में मिल्क प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र के पशुपालकों को स्थानीय स्तर पर दूध बेचने और प्रसंस्करण की सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश देश का पहला राज्य है जहां प्रदेश दूध प्रसंघ के माध्यम से गाय का दूध 51 रुपये प्रति लीटर तथा भैंस का दूध 61 रुपये प्रति लीटर की दर से खरीदा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आज का दिन प्रदेश के पशुपालक किसानों के लिए एक ऐतिहासिक दिन बन गया है, आज के बाद प्रदेश सरकार की दूध प्रोत्साहन योजना और परिवहन अनुदान योजना किसानों को स्मृद्ध करेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि जून 2025 से शुरू हुए अभियान के तहत अभी तक 320 दूध सहकारी समितियों का गठन हो चुका है। सरकार का लक्ष्य हर ग्राम पंचायत में सहकारी समिति स्थापित करना है, इससे हर क्षेत्र को आज शुरू की गई योजना का लाभ मिल सकेगा और दुग्ध उत्पादकों को इसका लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में राजीव गांधी वन संवर्धन योजना के तहत 8 स्वयं सहायता समूहों को 28.80 लाख रुपये और कामधेनु हितकारी मंच नम्होल के 10 प्रगतिशील पशुपालकों को 34.20 लाख रुपये की सहायता राशि दी गई।
मुख्यमंत्री ने अर्की में 68.42 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास भी किया। इसमें स्कूल भवन, परीक्षा हॉल, कृषि कार्यालय, पुलिस स्टेशन और उप-कोषागार शामिल हैं।
कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार ने कहा कि वर्तमान सरकार का नारा है चलो गांव की ओर और गांवों की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। विधायक संजय अवस्थी ने मुख्यमंत्री का इस योजना की शुरुआत के लिए अर्की विधानसभा क्षेत्र को चुनने के लिए धन्यवाद किया।