#यूटिलिटी
February 27, 2025
हिमाचल: भूस्खलन ने रोका बहाव तो झील बना जीरा नाला, इलाका खाली करने के आदेश
मणिकर्ण घाटी के तोष वैली में रात को हुआ भूस्खलन
शेयर करें:

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में पिछले दो दिन से रूक रूक कर बारिश बर्फबारी हो रही है। प्रदेश भर में हो रही बारिश और बर्फबारी अब लोगों पर कहर बरपाने लगी है। प्रदेश के कुल्लू जिला में भारी बारिश से एक पूरे गांव पर खतरा मंडराने लगा है। जिसके चलते अब प्रशासन ने गांव के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने तक के निर्देश दे दिए हैं। वहीं आसपास के लोगों को अलर्ट किया जा रहा है।
दरअसल कुल्लू जिला के मणिकर्ण घाटी के तोष गांव के पास जीरा नाला में एक बड़ा भूस्खलन हुआ है। जिसके चलते नाले का प्रवाह बंद हो गया है। तोष गांव से पांच किलोमीटर पहले इसी नाले पर एक बिजली प्रोजेक्ट भी लगा हुआ है। उसके बाद तोष गांव आता है। ऐसे में नाले का बहाव बंद होने से इस नाले के आसपास रहने वाले लोगों पर खतरा मंडराने लगा है।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार ने तलाश लिया हड़ताली पटवारी-काननूगो का विकल्प, कार्रवाई की भी तैयारी
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन भी हरकत में आ गया है। कुल्लू के एसडीएम विकास शुक्ला ने बताया कि जीरा नाला से पानी की निकासी बंद हो गई है। प्रशासन की एक टीम को मौके पर भेजा गया है। वहीं कुल्लू से मंडी तक आम जनता को अलर्ट पर रहने को कहा गया है। क्योंकि यह नदी आगे ब्यास में मिलती है। पंचायत प्रधान को निर्देश दिए हैं कि वह नाले के आसपास रहने वाले लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाएं। ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में हैवी स्नोफॉल- सैंकड़ों स्कूल बंद, कई क्षेत्रों में ब्लैक आउट- सड़कें ठप
बताया जा रहा है कि तोष गांव में बीती रात करीब दो बजे भूस्खलन हुआ और भारी म्लबा नाले में चला गया। जिससे पानी का बहाव रूक गया। बहाव रूकने से अब यहां झील बनना शुरू हो गई है। जिसके चलते जीरा नाला के आसपास के क्षेत्रों और बिजली परियोजना को खतरा बढ़ गया है। जिसके चलते प्रशासन ने आसपास के रिहायशी इलाकों को खाली करने के आदेश दे दिए हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में सरकारी कर्मचारी होंगे डिमोट, रिकवरी भी होगी- फरमान जारी
कुल्लू प्रशासन की तरफ से एसडीएम विकास शुक्ला अपनी आठ सदस्यों वाली टीम को घटनास्थल के लिए रवाना हुए हैं। एसडीएम विकास शुक्ला ने बताया कि जीरा नाला में एक डैम बन गया है और आसपास के इलाकों को खाली करने के आदेश दिए गए हैं। एसडीएम ने कहा कि टूरिस्ट पार्वती नदी के आसपास सेल्फी लेने ना जाएं। फिलहालए प्रशासन मामले पर नजर बनाए हुए है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में लड़की उठा ले गए बदमाश: फोन पर बताया- आपकी बेटी हमारे कब्जे में है..
बता दें कि हिमाचल में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है। प्रदेश भर में भारी बारिश और बर्फबारी हो रही है। ऐसे में अगर यह बारिश इसी तरह से होती रही तो भूस्खलन से झील का रूप धारण कर रहा नाला किसी भी समय फट सकता है। जिससे भारी तबाही हो सकती है।