#यूटिलिटी
August 7, 2025
सावधान रहें लोग ! खोल दिए हैं पौंग डैम के फ्लड गेट, हिमाचल सहित पंजाब में अलर्ट
ब्यास और शाहनहर में छोड़ा जा रहा पानी
शेयर करें:
फतेहपुर (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश में जारी मूसलधार बारिश से प्रदेश के नदी.नालों और जलाशयों का जलस्तर खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है। लगातार हो रही बारिश के कारण जिला कांगड़ा स्थित पौंग बांध का जलस्तर भी तेजी से बढ़ने लगा, जिससे स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए बुधवार देर शाम बांध प्रबंधन को फ्लड गेट खोलने का फैसला लेना पड़ा।
बांध प्रबंधन के अनुसार सुबह बांध का जलस्तर 1372 फीट तक पहुंच गया था, जो इसकी तय सीमा के बेहद करीब है। सुरक्षा के मद्देनज़र फ्लड गेट 1.25 फीट तक खोल दिए गए, जिससे बांध से करीब 4000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। पौंग बांध से पानी छोड़ने से ब्यास नदी का जलस्तर बढ़ गया है। ऐसे में प्रशासन ने ब्यास नदी के किनारों पर बसे लोगों को अलर्ट कर दिया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल की बेटियों को सुक्खू सरकार देगी 1500 रुपए, योजना को मंजूरी; महिलाओं ने उठाए सवाल
बांध से छोड़ा गया पानी शाहनहर बैराज के माध्यम से ब्यास दरिया में डाला जा रहा है। इससे ब्यास नदी में जलस्तर बढ़ने की प्रबल आशंका है, जिसके चलते दरिया के किनारे बसे गांवों के लिए खतरा मंडराने लगा है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से अपील की जा रही है कि वे नदी के आसपास न जाएं।
पौंग बांध की स्थिति को देखते हुए न केवल कांगड़ा जिला, बल्कि पंजाब के सीमावर्ती जिलों होशियारपुर, गुरदासपुर, तरनतारन, कपूरथला और फिरोजपुर में भी प्रशासन को सतर्क कर दिया गया है। इन क्षेत्रों में बाढ़ की संभावना के मद्देनजर अलर्ट जारी कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस की QRT में अब महिला कर्मियों की एंट्री, कमांडो वर्दी में संभालेंगी मोर्चा
पौंग बांध के मुख्य अभियंता राकेश कुमार गुप्ता ने जानकारी दी कि फ्लड गेट खोलने के बाद कुल 22,369 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसमें 4284 क्यूसेक पानी शाहनहर बैराज के माध्यम से जबकि 18,085 क्यूसेक पानी पावर हाउस के माध्यम से छोड़ा जा रहा है। उन्होंने बताया कि बांध की सामान्य क्षमता 1390 फीट है, लेकिन इसे आपात स्थिति में 1400 फीट तक स्टोर किया जा सकता है।
हालांकि अभी तक किसी भी निचले क्षेत्र में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है। एसडीएम फतेहपुर विश्रुत भारती और एसडीएम इंदौरा पूरे दिन अपने.अपने क्षेत्रों में हालात का जायजा लेते रहे। बीबीएमबी की टीम द्वारा लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को समय.समय पर सतर्क किया गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: जंगल में पार्टी कर रहे थे तीन दोस्त, शिकारी ने शिकार समझ चला दी गो**ली
अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और प्रशासन द्वारा दिए जा रहे दिशा.निर्देशों का पालन करें। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी भारी बारिश की संभावना जताई हैए जिससे स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और बांध से पानी छोड़े जाने के कारण पूरे क्षेत्र में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। प्रशासन की ओर से सतर्कता बरती जा रही है, लेकिन लोगों को भी पूरी सतर्कता और सहयोग बनाए रखने की आवश्यकता है।