#यूटिलिटी
June 28, 2025
हिमाचल कैबिनेट: इन मल्टी टास्क वर्करों का बढ़ा मानदेय, नए पुलिस जिला में 101 पदों पर भर्ती
सीएम सुक्खू की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में लिए बड़े फैसले
शेयर करें:
शिमला। हिमाचल प्रदेश में आज शनिवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक हुई। आज की बैठक में कई बड़े निर्णय लिए हैं। जिसमें कई पदों को भरने के साथ ही मल्टी टास्क वर्करों के मानदेय में भी बढ़ोतरी का बड़ा फैसला लिया गया है। सरकार के इस फैसले से कम वेतन पर काम कर रहे इन वर्करों को बड़ी राहत मिलेगी। इसके अलावा भी कई अन्य बड़े फैसले लिए गए हैं।
कैबिनेट ने लोक निर्माण विभाग पीडब्ल्यूडी के मल्टी टास्क वर्कर के मानदेय में 500 रुपए की वृद्धि करने का निर्णय लिया है। इससे इन कर्मचारियों को आर्थिक रूप से मदद मिलेगी और उनके काम की सराहना होगी। यह वृद्धि कर्मचारियों के मानवीय पहलुओं को ध्यान में रखते हुए की गई है, ताकि उनका जीवन स्तर बेहतर हो सके।
यह भी पढ़ें : हिमाचल BJP को जल्द मिलेगा नया अध्यक्ष: बिंदल, सिकंदर या कोई युवा चेहरा, जानें कौन बनेगा सरदार?
इसके अलावा प्रदेश सरकार ने पशु मित्र योजना के पहले चरण में 500 पशु मित्रों की नियुक्ति का फैसला लिया है। इन पशु मित्रों को 5000 रुपए का मानदेय दिया जाएगा, ताकि वे पशुओं की देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित कर सकें। यह कदम पशुओं के कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
कैबिनेट ने हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम एचपीटीडीसी के मुख्य कार्यालय को शिमला से धर्मशाला स्थानांतरित करने को स्वीकृति प्रदान की है। यह कदम राज्य के पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लिया गया है। हालांकि, यह निर्णय लिया गया कि एचपीटीडीसी में कार्यरत आउटसोर्स कर्मी धर्मशाला में स्थानांतरित नहीं होंगे और वे शिमला में ही रहेंगे।
सीएम सुक्खू की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में सरकार ने पुलिस विभाग को लेकर भी एक अहम फैसला लिया। पुलिस जिला देहरा के लिए 101 नए पद सृजित किए गए हैं, जिन्हें जल्दी ही भरा जाएगा। यह निर्णय पुलिस बल की क्षमता को बढ़ाने और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए लिया गया है।